Blog

अंतरराष्ट्रीय भक्ताम्बर दिवस पर 9 अक्टूबर को एक साथ गूंजेगा भक्ताम्बर स्तोत्र

  • राजा बाजार मंदिर से सुबह 8 बजे भव्य शोभायात्रा; सुबह 9:09:09 बजे देश-विदेश में एक साथ होगा सामूहिक पाठ

छत्रपति संभाजीनगर (विश्व परिवार)। अंतरराष्ट्रीय भक्ताम्बर दिवस के अवसर पर शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को छत्रपति संभाजीनगर में ‘भक्त कल्याण महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। “एक समय • एक स्वर • एक संकल्प • विश्व कल्याण” की मंगल भावना के साथ देश-विदेश के श्रद्धालु एक ही समय पर श्री भक्ताम्बर स्तोत्र का सामूहिक पाठ करेंगे।

महोत्सव के अवसर पर सुबह ठीक 8 बजे राजा बाजार स्थित श्री खंडेलवाल दिगंबर जैन पंचायत पार्श्वनाथ मंदिर से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ होगी। भक्तिमय वातावरण में निकलने वाली यह शोभायात्रा श्री नूतन भूमि परिसर पहुंचेगी। इस दौरान नमोकार भक्ति मंडल के मधुर एवं भक्तिमय संगीत स्वरों से संपूर्ण वातावरण भक्तिरस से सराबोर हो जाएगा।

शोभायात्रा के पश्चात उच्चारणाचार्य परम पूज्य आचार्य श्री 108 विनम्रसागर जी महामुनिराज ससंघ के पावन सान्निध्य में श्री भक्ताम्बर स्तोत्र की गाथाओं का सरल, भावपूर्ण एवं आध्यात्मिक विवेचन किया जाएगा। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ताम्बर स्तोत्र के आध्यात्मिक महत्व, आराधना के भाव तथा उसके जीवनोपयोगी संदेश को समझने का अवसर मिलेगा।

सुबह 9:09:09 बजे विश्वभर में एक साथ भक्ताम्बर स्तोत्र का पाठ

महोत्सव का मुख्य आकर्षण सुबह 9 बजकर 9 मिनट 9 सेकंड पर होगा। इस मंगल क्षण में देश-विदेश के असंख्य श्रद्धालु एक साथ, एक स्वर में श्री भक्ताम्बर स्तोत्र का सामूहिक पाठ करेंगे।
कार्यक्रम के पश्च्यात सभी भक्तों की श्री विनम्र भक्त परिवार के द्वारा महाप्रसाद का आयोजन भी किया गया है.

जनकल्याण, विश्व शांति, सद्भावना, समृद्धि, प्रकृति संतुलन एवं विश्व मंगल की मंगल भावना से प्रेरित होकर यह सामूहिक आराधना की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार, जिस प्रकार असंख्य बूंदें एकत्र होकर मेघ का निर्माण करती हैं, उसी प्रकार असंख्य श्रद्धालुओं के श्रद्धामय शुभ भाव एकत्र होकर आध्यात्मिक ऊर्जा एवं मंगल भावनाओं का विशाल प्रवाह निर्मित करें—इसी भावना के साथ इस विशेष आयोजन की परिकल्पना की गई है।

भक्ताम्बर दिवस को केवल एक धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए सामूहिक आध्यात्मिक चेतना, आत्मशुद्धि तथा विश्वकल्याण के संकल्प को मजबूत करने वाले दिवस के रूप में मनाने का प्रयास किया जा रहा है।

श्वेत वस्त्र धारण कर सहभागी बनने का आह्वान

आयोजन समिति ने शहर एवं आसपास के सभी समाजबंधुओं, मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं से इस पवित्र अवसर पर श्वेत वस्त्र धारण कर शोभायात्रा एवं मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

“श्वेत वस्त्र • शुद्ध भाव • शांत मन • सामूहिक आराधना”

यही इस आयोजन का विशेष संदेश रहेगा।

एक परिवार—एक प्रार्थना; एक समाज—एक भावना

महोत्सव के माध्यम से सामूहिक एकता एवं विश्वकल्याण का संदेश दिया जाएगा—

एक पाठ — एक संकल्प
एक परिवार — एक प्रार्थना
एक समाज — एक भावना
करोड़ों भावनाएं — एक मंगल कामना

“एक समय • एक पाठ • एक भावना • विश्व कल्याण”
इस ऐतिहासिक आयोजन का मूल मंत्र रहेगा।

नूतन भूमि परिसर में होगा मुख्य कार्यक्रम

भक्ताम्बर दिवस का मुख्य कार्यक्रम श्री खंडेलवाल दिगंबर जैन पंचायत पार्श्वनाथ मंदिर अंतर्गत श्री गणधर वलय विधान निर्मित श्री आचार्य गुप्तिनंदी जी गुरुदेव सभागृह, श्री हीराचंद कस्तूरचंद कासलीवाल (हीरा काका) प्रांगण, श्री नूतन भूमि परिसर, नवापुरा, छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित किया गया है।

इस भव्य आयोजन के आयोजक श्री खंडेलवाल दिगंबर जैन पंचायत पार्श्वनाथ मंदिर एवं अंतर्गत सभी जिनालय, छत्रपति संभाजीनगर हैं।

कार्यक्रम के निवेदक श्री विनम्र चातुर्मास संयोजन समिति 2026 एवं सकल जैन समाज, छत्रपति संभाजीनगर हैं।

आयोजकों ने छत्रपति संभाजीनगर शहर एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक सामूहिक आराधना का लाभ लेने तथा विश्वकल्याण के इस मंगल संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts