Blog

भारतीय जैन संघटना छत्तीसगढ़ द्वारा जैन पारिवारिक अदालत का आयोजन 

  • लगभग 14 मामलों की सुनवाई, आपसी संवाद एवं सहमति से विवादों के समाधान का प्रयास

 (विश्व परिवार)। भारतीय जैन संघटना (BJS), छत्तीसगढ़ द्वारा समाज में पारिवारिक एकता, आपसी सद्भाव एवं रिश्तों की मधुरता बनाए रखने के उद्देश्य से जैन परिवार अदालत का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 14 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें संबंधित पक्षों के बीच संवाद, समझाइश एवं आपसी सहमति के माध्यम से विवादों का समाधान निकालने का प्रयास किया गया।

विजय गंगवाल — प्रदेश अध्यक्ष, सिए विकास गोलछा — प्रदेश महामंत्री, भारतीय जैन संघटना, छत्तीसगढ ने बताया की इस महत्वपूर्ण पहल में भारतीय जैन संघटना के संस्थापक शांतिलाल मुथा सहित 10 से अधिक अनुभवी काउंसलर्स ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। काउंसलर्स ने सभी पक्षों की बातों को धैर्यपूर्वक सुनते हुए विवादों को सुलझाने, आपसी विश्वास बहाल करने तथा पारिवारिक संबंधों को टूटने से बचाने के लिए सार्थक प्रयास किए।

कार्यक्रम के संयोजक संजय सिंघी एवं सह-संयोजक मनोज लुकड़ ने बताया की भारतीय जैन संघटना का स्पष्ट विजन है कि समाज में उत्पन्न होने वाले आपसी मनमुटाव, पारिवारिक विवाद एवं अन्य मतभेदों का समाधान सामाजिक स्तर पर ही आपसी संवाद, समझाइश और सहमति के माध्यम से किया जाए, ताकि ऐसे विवादों को न्यायालय तक ले जाने की आवश्यकता न पड़े।

संस्था की पूर्व राज्य अध्यक्ष प्रमोद लूनावत ने बताया यदि कोई मामला पहले से ही न्यायालय में विचाराधीन है, तो उसमें भी पक्षकारों के बीच आपसी सहमति से समाधान निकालने तथा विधिसम्मत प्रक्रिया के माध्यम से न्यायालयीन विवाद को समाप्त करने का प्रयास किया जाए।

भारतीय जैन संघटना का उद्देश्य किसी पक्ष की हार या जीत नहीं, बल्कि रिश्तों की पुनर्स्थापना, परिवारों की एकता और समाज में सद्भाव बनाए रखना है। संस्था का विश्वास है कि संवाद से सुलझने वाले विवाद न केवल परिवारों को टूटने से बचाते हैं, बल्कि समाज में आपसी विश्वास, सहयोग और एकता को भी मजबूत करते हैं।

“समाज के विवाद, समाज के बीच संवाद से समाधान” — इसी सोच के साथ भारतीय जैन संघटना समाज में सौहार्दपूर्ण विवाद समाधान की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts