रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर में पारंपरिक डांडिया और गरबा का आयोजन ‘रंगीलो रास गरबा’ आज 14 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक जैनम मानस भवन में किया जाएगा। आयोजन को लेकर बुधवार को प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें समिति के संस्थापक नीलेश मुंदडा ने कार्यक्रम की रूपरेखा और विशेषताओं की जानकारी दी।
नीलेश मुंदडा ने बताया कि शहरवासियों की सुविधा और बढ़ते यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष आयोजन के लिए जैनम मानस भवन का चयन किया गया है। यहां पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था के साथ विशाल लॉन में प्रतिभागी गरबा का आनंद ले सकेंगे।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति और पारंपरिक व्यंजनों को मिलेगा मंच
आयोजन समिति के अनुसार, प्रदेश की कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंच पर बस्तर आर्ट की कलाकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। वहीं, गढ़कलेवा कॉर्नर में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन चीला, फरा, भजिया, खुरमी और अनरसा का स्वाद भी मिलेगा।
इस बार ‘बेस्ट छत्तीसगढ़ी ट्रेडिशनल लुक’ पुरस्कार भी रखा गया है। यह सम्मान उन प्रतिभागियों को दिया जाएगा, जो अपनी पारंपरिक वेशभूषा और नृत्य के माध्यम से छत्तीसगढ़ी संस्कृति को प्रदर्शित करेंगे।
केवल पारंपरिक गरबा गीतों पर होगा आयोजन
समिति ने बताया कि सांस्कृतिक परंपरा को बनाए रखने के लिए कार्यक्रम में केवल पारंपरिक गरबा गीत बजाए जाएंगे। बॉलीवुड गानों पर प्रतिबंध रहेगा। आयोजन स्थल पर प्रवेश के लिए पारंपरिक परिधान अनिवार्य होंगे। वेस्टर्न और कैजुअल कपड़ों में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आयोजन को पारिवारिक माहौल में संपन्न कराने के लिए कपल्स और ग्रुप एंट्री को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि अकेले पुरुषों यानी स्टैग बॉयज का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। समिति के अनुसार, प्रवेश द्वार पर तिलक लगाने की व्यवस्था भी की जाएगी। आयोजकों ने इसे भारतीय परंपरा और संस्कृति को बढ़ावा देने की पहल बताया है।
लाखों के उपहार और सुरक्षा के विशेष इंतजाम
‘रंगीलो रास गरबा’ में विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को प्रायोजकों की ओर से लाखों रुपये के उपहार दिए जाएंगे। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और महिला बाउंसर्स तैनात रहेंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की मेडिकल टीम और हेल्थ पार्टनर की दो एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी।
समिति का कहना है कि रंगीलो रास गरबा के माध्यम से रायपुरवासियों को पारंपरिक संस्कृति, संगीत, आकर्षक प्रस्तुतियों और मनोरंजन का अनुभव देने की तैयारी की गई है।
प्रेसवार्ता में ये रहे मौजूद
प्रेसवार्ता में नीलेश मुंदडा, कपिल दोषी, मारुति काबरा, सीए अमित राठी, राजीव मुंदडा, आर्या दुबे, राम वाधवानी, अणुव्रत खटोर, अमर धिंगानी, शरद सारडा, विकास आहूजा और राकेश अग्रवाल सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।







