छत्तीसगढ़रायपुर

एनएमडीसी में राजभाषा माह पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह आयोजित

हैदराबाद (विश्व परिवार)। एनएमडीसी लिमिटेड के मुख्यालय हैदराबाद में गुरुवार को ‘राजभाषा माह पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह-2026’ का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता एनएमडीसी के निदेशक (तकनीकी) विनय कुमार ने की। इस अवसर पर निदेशक (कार्मिक) कृष्ण कुमार ठाकुर, निदेशक (वित्त) अनुराग कपिल, मुख्य सतर्कता अधिकारी नीलकंठा रेड्डी और अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) संजीव साही विशेष रूप से उपस्थित रहे।

एनएमडीसी में 14 सितंबर से 13 अक्टूबर 2026 तक राजभाषा माह समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों, विद्यार्थियों और विभिन्न सरकारी कार्यालयों के कार्मिकों के लिए हिंदी से संबंधित अनेक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। समापन समारोह में इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उप महाप्रबंधक (राजभाषा) चे. श्रीनिवास राव ने अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और शिक्षकगण का स्वागत किया। उन्होंने राजभाषा माह के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं एवं अन्य कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के उपयोग पर जोर

समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक (तकनीकी) विनय कुमार ने राजभाषा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने के लिए राजभाषा विभाग को बधाई दी। उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपने कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने का आग्रह किया।

निदेशक (कार्मिक) कृष्ण कुमार ठाकुर ने कहा कि एनएमडीसी हिंदी के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों के साथ दैनिक जीवन में भी मातृभाषाओं और राजभाषा हिंदी को महत्व देने की बात कही। वहीं, निदेशक (वित्त) अनुराग कपिल और मुख्य सतर्कता अधिकारी  नीलकंठा रेड्डी ने वित्तीय एवं सतर्कता संबंधी कार्यों में सरल हिंदी के प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक अनुवाद सुविधाओं का लाभ उठाकर कार्यालयीन कामकाज में हिंदी का उपयोग बढ़ाने का सुझाव दिया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता हुए सम्मानित

राजभाषा माह के अंतर्गत एनएमडीसी कर्मचारियों के लिए हिंदी निबंध, ‘अविस्मरणीय स्मृतियों के झरोखे से’, हिंदी प्रश्न-मंच और हिंदी अंत्याक्षरी जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा अनुसंधान एवं विकास केंद्र के कर्मचारियों, खनिज भवन के आसपास स्थित केंद्र एवं राज्य सरकार के कार्यालयों के कार्मिकों, केंद्रीय विद्यालय गच्चीबौली के विद्यार्थियों, सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा मेहदीपट्टनम स्थित महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

समारोह में सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) की प्रतियोगिताओं में विजयी कर्मचारियों और पिछले वर्ष हिंदी में सर्वाधिक कार्य करने वाले कार्मिकों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का समन्वयन वरिष्ठ प्रबंधक (राजभाषा) डॉ. रजिंदर कौर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सहायक महाप्रबंधक (राजभाषा) राजेश कुमार गोंड ने प्रस्तुत किया। समारोह के सफल आयोजन में राजभाषा विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक देवाशीष घोष और उप प्रबंधक (सचिवालय) एस.के. सनोडिया का भी योगदान रहा।

एनएमडीसी के इस आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों और विद्यार्थियों के बीच हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना तथा कार्यालयीन कामकाज में राजभाषा के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts