महासमुंद (विश्व परिवार)। कावेरी सीड कंपनी ने महासमुंद जिले के 85 किसानों से जमीन रेघा पर लेकर प्रति एकड़ 22 से 25 हजार रुपए देने का वादा किया था, लेकिन फसल कटने के बाद भी कंपनी ने पैसा नहीं दिया है. बार-बार मांग करने के बाद भी पैसे नहीं देने से गुस्साए किसानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 353 पर चक्काजाम कर दिया है।
भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले बेलसोण्डा के पास नेशनल हाइवे पर चक्काजाम करने वाले किसानों ने बताया कि 85 किसानों का 2 करोड़ 38 लाख रुपये बकाया है, जिसके वे डेढ़ साल से देने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन कंपनी की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
बीते दो घंटे से चक्काजाम कर रहे किसानों को मनाने के लिए मौके पर तहसीलदार और कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ पुलिस मौजूद है, लेकिन बात बनती नजर नहीं आ रही है. चक्काजाम की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग हुई है।







