रायपुर (विश्व परिवार)। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने आज राजधानी रायपुर की बदहाल सफाई व्यवस्था के विरोध में नगर निगम रायपुर का घेराव किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू लेकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान बरसते पानी में भी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।
JCCJ के प्रदेश संयोजक नवीन अग्रवाल ने कहा कि राजधानी रायपुर के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है। कई इलाकों में कचरे का जमाव, गंदगी और नियमित सफाई के अभाव में आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी जैसे महत्वपूर्ण शहर में सफाई व्यवस्था का इस तरह बदहाल होना नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि जब राजधानी ही साफ-सुथरी नहीं रह पा रही है तो स्वच्छ रायपुर का सपना कैसे साकार होगा?
नवीन अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका असर शहर की सड़कों, गलियों और प्रत्येक वार्ड में दिखाई देना चाहिए। नगर निगम प्रशासन को सभी वार्डों में नियमित सफाई, कचरे का समय पर उठाव और सफाई व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि आम नागरिकों को गंदगी से राहत मिल सके।
नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण हो : शमशुल
युवा कार्यकारी अध्यक्ष शमशुल आलम ने कहा कि रायपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के नाम पर केवल घोषणाएं करना पर्याप्त नहीं है। जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था की स्थिति प्रशासन की वास्तविक कार्यप्रणाली को उजागर करती है। नगर निगम को जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय गोलमोल जवाब देने की प्रवृत्ति छोड़कर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने मांग की है कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा नागरिकों की शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाए।
तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारें : माखन ताम्रकार
ग्रामीण जिला अध्यक्ष माखन ताम्रकार ने कहा कि राजधानी रायपुर की जनता को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। शहर में जगह-जगह गंदगी और कचरे का जमाव जनता के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बरसते पानी में झाड़ू लेकर प्रदर्शन करने का उद्देश्य नगर निगम प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी का एहसास कराना है। प्रशासन को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि रायपुर वास्तव में स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित राजधानी बन सके।
JCCJ ने प्रशासन से की ये मांगें
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि शहर के सभी वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, कचरा उठाने की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, नालियों की सफाई कराई जाए तथा सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के ग्रामीण जिला अध्यक्ष माखन ताम्रकार, युवा कार्यकारी अध्यक्ष शमशुल आलम, युवा ग्रामीण अध्यक्ष चेतन आडिल, सोशल मीडिया संयोजक नावेद कुरैशी, छात्र संगठन के जिला अध्यक्ष अंशांश पॉल, प्रदेश सचिव अनिल भारती, ताराचंद बंजारे, भोला राम बंजारे आदि उपस्थित रहे। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने स्पष्ट किया कि राजधानी की सफाई व्यवस्था में सुधार होने तक जनहित के मुद्दों पर आवाज बुलंद होती रहेगी।







