रायपुर (विश्व परिवार)। सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा विद्यार्थियों में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘विचार अभिव्यक्ति प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया। केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC) एवं ईपीएफओ मुख्यालय, नई दिल्ली के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (Probity for Prosperity) विषय पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है।
इसी क्रम में 30 अक्टूबर को भारतीय विद्या भवन के आर.के. सारडा विद्या मंदिर, सड्डू-बारौंदा, रायपुर में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय के लगभग 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी, नैतिकता, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उनके जीवन में सत्यनिष्ठा और ईमानदारी के मूल्यों को प्रोत्साहित करना था। इस अवसर पर ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर की ओर से लेखा अधिकारी सिद्धार्थ शुक्ला एवं वरिष्ठ सामाजिक सुरक्षा सहायक फिरोज सूर्यवंशी उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्राचार्य दविंदर सिंह की उपस्थिति में प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं, अन्य सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पेन एवं सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य एवं शिक्षकों ने सहयोग प्रदान किया।
ईपीएफओ क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर ने आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। संगठन की ओर से कहा गया कि इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन में सतर्कता, पारदर्शिता, ईमानदारी एवं नैतिक आचरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। सत्यनिष्ठा भ्रष्टाचार-मुक्त समाज की आधारशिला होने के साथ समृद्ध एवं विकसित राष्ट्र के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।







