छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर रेंज में अपराध समीक्षा बैठक, IG अमरेश मिश्रा ने त्योहारों में सुरक्षा और प्रभावी पुलिसिंग के दिए निर्देश

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षकअमरेश कुमार मिश्रा (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में आज रेंज स्तरीय अपराध समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेंज के समस्त पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक/उप पुलिस अधीक्षक एवं रक्षित निरीक्षक उपस्थित रहे।
आईजी द्वारा पुलिसिंग में Operational Efficiency, Accountability एवं Ownership की भावना विकसित करने तथा पर्यवेक्षी अधिकारियों को थाना स्तर पर सक्रिय नेतृत्व प्रदान करने के निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक के प्रमुख निर्देश
1. त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा: आगामी त्योहारों के दृष्टिगत बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग, प्रभावी चेकिंग तथा यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। चोरी, उठाईगिरी एवं असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम पर विशेष जोर दिया गया।
2. थाना सशक्तिकरण एवं प्रभावी पर्यवेक्षण: थाना प्रभारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करते हुए CSP/DSP स्तर के अधिकारियों को फील्ड ऑपरेशन, अपराध विवेचना एवं कानून-व्यवस्था में प्रत्यक्ष सहभागिता के निर्देश दिए गए।
3. समयबद्ध विवेचना एवं अभियोजन: लंबित अपराधों की नियमित समीक्षा, निर्धारित वैधानिक समयसीमा में चालान प्रस्तुतीकरण तथा आवश्यक प्रकरणों में अनुपस्थिति में विचारण संबंधी वैधानिक प्रावधानों के उपयोग पर जोर दिया गया। गंभीर अपराधों में प्रभावी जमानत विरोध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
4. यातायात प्रबंधन में नवाचार: व्यापारिक संगठनों एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से ट्रैफिक वार्डन व्यवस्था विकसित करने तथा उपलब्ध CCTV नेटवर्क के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए गए।
5. न्यायालयीन समन्वय एवं वारंट तामीली: समंस एवं वारंट की तामीली हेतु डिजिटल मॉनिटरिंग, न्यायालयों से बेहतर समन्वय तथा पुराने एवं सामान्य प्रकृति के प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर बल दिया गया।
6. जनशिकायत निवारण एवं संसाधन प्रबंधन: पुलिस बल के युक्तियुक्त आवंटन, 1930 साइबर हेल्पलाइन संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई तथा भूमि विवादों में समय रहते प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
फील्ड पुलिसिंग, अनुशासन एवं जनविश्वास पर विशेष जोर
आईजी श्री मिश्रा ने निर्देशित किया कि सभी जिलों में नियमित क्षेत्र भ्रमण, संवेदनशील स्थानों की सतत निगरानी, पुलिस बल की प्रभावी तैनाती तथा सूचना तंत्र को सुदृढ़ किया जाए। थाना स्तर पर शिकायतकर्ताओं से संवेदनशील व्यवहार, वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित समीक्षा, पुलिसकर्मियों के कार्यों का स्पष्ट निर्धारण एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। साथ ही गंभीर अपराधों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना, अभियोजन से समन्वय और नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
आईजी श्री मिश्रा ने स्पष्ट किया कि प्रभावी पर्यवेक्षण, परिणामोन्मुखी पुलिसिंग एवं संवेदनशील जनशिकायत निवारण ही पुलिस प्रशासन की कार्यकुशलता और जनविश्वास के प्रमुख आधार हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts