नई दिल्ली (विश्व परिवार)। CRPF पोस्ट पर फायरिंग करने वाले लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने बुधवार को एनकाउंटर में मार गिराया। वह एक मस्जिद के अंदर छिपा था।
मुठभेड़ से पहले जवानों ने उसे वीडियो कॉल कर सरेंडर करने के लिए कहा। पुलिस अधिकारी ने उससे कहा, ‘हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है।’ लतीफ ने जवाब दिया, ‘मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। बहुत खुश हूं मैं। सरेंडर नहीं करूंगा।’
सुरक्षा बल 2 दिन से पीछा कर रहे थे, मस्जिद में छिपा मिला
सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ ने उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में CRPF की पोस्ट पर फायरिंग की थी। इसमें 3 जवान घायल हो गए थे। इसके बाद से दोनों फरार थे।
16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में दोनों आतंकियों को पुलिस ने घेर लिया था। फायरिंग में उमर मारा गया, लेकिन लतीफ भाग निकलने में कामयाब हो गया था। उसके पैर में गोली लगी थी। इसके बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। दो दिन बाद फिर देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपे होने की जानकारी मिली थी।
₹15 लाख का इनामी था लश्कर कमांडर लतीफ भट
22 साल के लतीफ पर पुलिस ने 15 लाख रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। वह 2025 की शुरुआत में घर से लापता हो गया था। इसके बाद उसके परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में पाकिस्तान में बैठे ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी नेटवर्क TRF में भर्ती किया था।
लतीफ ने अशमुजी के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुछ समय कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में पढ़ाई की और फिर बढ़ई का काम करने लगा।
उमर ने लतीफ को छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने हमले से पहले कई इलाकों की रेकी की थी।
6 महीने में चौथा कमांडर मारा गया
पिछले 6 महीने में जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के 4 कमांडर मारे गए। इनमें लतीफ के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी शामिल हैं।
जाकिर अहमद गनई 8 जुलाई 2026 को शोपियां में मारा गया, जबकि यासिर 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान मारा गया।







