छत्तीसगढ़रायपुर

चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में चेम्बर प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से की मुलाकात, ”आत्मनिर्भर भारत” में व्यापारियों की सहभागिता और हितों के संरक्षण पर सौंपा ज्ञापन

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी के नेतृत्व में चेम्बर प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्था, लोकसभा के माननीय अध्यक्ष श्री ओम बिरला जी से सौजन्य मुलाकात की। इस गरिमामयी मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने देश और प्रदेश के व्यापारिक हितों, ”आत्मनिर्भर भारत” के संकल्प में व्यापारियों की भूमिका और व्यापार को सरल बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर एक महत्वपूर्ण सुझाव व अभिनंदन पत्र (ज्ञापन) सौंपा।
चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थौरानी ने लोकसभा अध्यक्ष को सौंपे ज्ञापन में देश के छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को राहत देने के लिए ”ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” के तहत कागजी कार्रवाई के बोझ को और सरल करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने जीएसटी से संबंधित सुझाव देते हुए कहा कि-जब भी संसद की स्थायी समितियां जीएसटी, प्रत्यक्ष कर या लेबर लॉ जैसे व्यापार और उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण कानूनों पर चर्चा करें, तो देश के प्रमुख चेम्बर्स के प्रतिनिधियों के व्यावहारिक सुझावों को भी उसमें अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने माननीय अध्यक्ष महोदय का ध्यान स्थानीय युवाओं के ”कौशल विकास” और ”ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग” की ओर भी आकर्षित किया। चेम्बर ने मांग की कि प्रादेशिक उद्योगों के विकास के लिए सरकारी नीतियों को और अधिक व्यवहारिक व सुलभ बनाया जाए ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।
भेंट मुलाकात के दौरान सतीश थौरानी ने कहा कि देश का व्यापारी केवल व्यापार या लाभ कमाने के लिए कार्य नहीं करता, बल्कि वह बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करता है और ईमानदारी से राजस्व देकर राष्ट्र निर्माण की नींव को मजबूत करता है। छत्तीसगढ़ का पूरा व्यापारी वर्ग राष्ट्रहित के इस महायज्ञ में पूरी ताकत से सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के इस कदम की सराहना की और प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए गए व्यवहारिक सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ के व्यापारी वर्ग के इस देशव्यापी दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण में उनकी सहभागिता को अनुकरणीय बताया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, संरक्षक श्रीचन्द सुन्दरानी, सलाहकार-लाभचंद बाफना, अमर गिदवानी, कार्यकारी अध्यक्ष राजेश वासवानी, उपाध्यक्ष दिलीप इसरानी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts