Blog

जैन तीर्थ विरागोदय तीर्थ धर्म धाम में बड़ी चोरी, मंदिर की तीन गुल्लक तोड़कर ले गए चोर

पथरिया (विश्व परिवार)। नगर के दमोह रोड स्थित प्रसिद्ध जैन तीर्थ विरागोदय तीर्थ धर्म धाम में विगत रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है ।
क्षेत्र समिति के अध्यक्ष आलोक चौधरी की जानकारी के अनुसार देर रात दो अज्ञात चोर मंदिर परिसर में खेत के बाजू दीवार पर घुसे और मंदिर में रखी तीन गुल्लकों को चोरी कर ले गए । बाद में गुल्लकों के ताले तोड़कर उनमें रखी लगभग 1 लाख रुपए की नगद राशि लेकर आरोपी फरार हो गए ।
घटना की जानकारी सुबह मंदिर प्रबंधन और श्रद्धालुओं को लगी, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया । सूचना मिलते ही एसडीओपी प्रिया सिंधी एवं थाना प्रभारी श्याम सुंदर दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया । साथ ही सी सी टी वी फुटेज और क्षेत्र के कर्मचारियों से पूछताछ कर बयान दर्ज किए गए ।
पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है । वहीं फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य एकत्र किए । पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है तथा आरोपियों की तलाश के लिए जांच को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है ।
घटना के बाद जैन समाज एवं श्रद्धालुओं में रोष और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है ।
पुलिस का कहना है जांच संघनता से जारी है जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts