छत्तीसगढ़रायपुर

युवा संसद में दिखी लोकतंत्र की नई तस्वीर, विधायक पुरन्दर मिश्रा बोले- जागरूक युवा ही विकसित भारत की पहचान

  • संसदीय परंपराओं से रूबरू हुए युवा, पुरन्दर मिश्रा ने कहा- नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की यही है सही पाठशाला
  • पुरानी विधानसभा बनी युवा नेतृत्व का मंच, विधायक पुरन्दर मिश्रा ने लोकतांत्रिक मूल्यों को बताया राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरन्दर मिश्रा आज राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक पुराना विधानसभा भवन में भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) के युवा नेतृत्व मंच यंग इंडियंस (Yi) रायपुर चैप्टर द्वारा आयोजित “यंग इंडिया पार्लियामेंट 2026” कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आए युवा प्रतिभागियों ने पक्ष एवं विपक्ष के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए संसदीय कार्यवाही का जीवंत प्रदर्शन किया। युवाओं ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर प्रभावशाली ढंग से अपने विचार रखे तथा लोकतंत्र की गरिमा के अनुरूप स्वस्थ संवाद, तार्किक बहस और संवैधानिक मूल्यों का उत्कृष्ट परिचय दिया। इस दौरान उपस्थित विद्यार्थियों ने सदन की कार्यवाही, विधायी प्रक्रियाओं तथा लोकतांत्रिक परंपराओं को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्राप्त किया।
इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि युवा ही भारत के उज्ज्वल भविष्य के निर्माता हैं। लोकतंत्र केवल मतदान तक सीमित नहीं है, बल्कि संविधान के प्रति सम्मान, जिम्मेदार नागरिकता और सकारात्मक सहभागिता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, संवाद कौशल एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने भारतीय उद्योग परिसंघ के युवा नेतृत्व मंच यंग इंडियंस की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को संसदीय परंपराओं एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे विद्यार्थियों में नेतृत्व विकास के साथ-साथ समाज और राष्ट्र के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री मिश्रा ने सभी प्रतिभागियों के उत्साह, आत्मविश्वास एवं उत्कृष्ट प्रस्तुति की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर यंग इंडियंस रायपुर चैप्टर के चेयरमैन पंकज सोमानी, आदित्य अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि, शिक्षाविद्, उद्योग जगत के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts