रायपुर

“अभया 2026” के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को कानूनी रूप से सशक्त बनाने का सफल प्रयास

रायपुर (विश्व परिवार)। वीर फाउंडेशन द्वारा आयोजित “अभया 2026” कन्या सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, कानूनी अधिकार, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं व्यक्तित्व विकास पर आधारित विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन रविवार को विमतारा, शांति नगर, रायपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यशाला में जैन समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में पूर्व न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय गौतम चौरड़िया, पूर्व प्रधान जिला न्यायाधीश एवं पूर्व रजिस्ट्रार जनरल नीलम चंद सांखला, पुलिस उपायुक्त (उत्तर ज़ोन), रायपुर दीपमाला कश्यप तथा प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर प्रफुल्ल पारख (नागपुर) ने अपने प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक उद्बोधन दिए।
दीपमाला कश्यप ने महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, सोशल मीडिया सुरक्षा एवं डिजिटल जागरूकता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। प्रफुल्ल पारख ने आत्मरक्षा, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास पर प्रभावी मार्गदर्शन प्रदान किया। नीलम चंद सांखला ने महिलाओं के कानूनी अधिकार, महिला सुरक्षा कानून एवं न्यायिक संरक्षण के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला। वहीं गौतम चौरड़िया ने महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित कानूनों की उपयोगी जानकारी देते हुए बताया कि कानूनी जागरूकता ही सुरक्षित समाज की सबसे बड़ी शक्ति है।
कार्यक्रम की एक विशेष आकर्षण “कानूनी तम्बोला” रहा, जिसका संचालन जैन एडवोकेट्स ग्रुप, रायपुर द्वारा किया गया। इस अभिनव गतिविधि के माध्यम से प्रतिभागियों को महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा एवं विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी रोचक एवं सहभागितापूर्ण तरीके से प्रदान की गई।

कार्यक्रम के प्रमुख आयोजक एवं वीर फाउंडेशन के अध्यक्ष अधिवक्ता प्रवीण जैन ने कहा कि “अभया” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज में कानूनी जागरूकता का एक सतत अभियान है। इसका उद्देश्य महिलाओं, बालिकाओं एवं युवाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा आत्मरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है, ताकि वे किसी भी प्रकार के अन्याय, शोषण अथवा अपराध का कानूनी रूप से दृढ़ता के साथ सामना कर सकें।
उन्होंने बताया कि “अभया” की यह पहली कड़ी है। भविष्य में वीर फाउंडेशन द्वारा सर्व समाज के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की श्रृंखला निरंतर आयोजित की जाएगी, जिनमें महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, संवैधानिक अधिकार, कानूनी जागरूकता एवं व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर विशेषज्ञों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम की सफलता में वीर फाउंडेशन के सचिव राहुल जैन, कोषाध्यक्ष मनोज बोथरा, कुसुम श्रीश्रीमाल, ममता जैन, सिद्धार्थ डागा, सौरभ जैन, बबिता जैन, दीप्ति बैद, समृता जैन, ऋतू जैन, ऋचा जैन, जैन एडवोकेट्स ग्रुप, रायपुर, समस्त जैन महिला मंडलों, सहयोगी संस्थाओं एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के अंत में सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं सहयोगियों का सम्मान कर उनका आभार व्यक्त किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts