कवर्धा (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से अवैध रेत परिवहन से जुड़ा मामला सामने आया है। झलमला थाना क्षेत्र के शीतलपानी गांव में जंगल से रेत चोरी कर भाग रहे एक ट्रैक्टर चालक पर ग्रामीणों को रौंदने की कोशिश करने का आरोप लगा है। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी।
बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के चलते ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसा। खेत में पानी भरा होने के कारण ट्रैक्टर की रफ्तार कम हुई और बड़ा हादसा टल गया। घटना में चालक की जान भी बच गई।
नशे में वाहन चलाने का लगाया आरोप
घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने चालक को जमकर फटकार लगाई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ट्रैक्टर खेत में नहीं जाता और अनियंत्रित रफ्तार से आगे बढ़ता रहता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
ट्रैक्टर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग
घटना के बाद ग्रामीण ट्रैक्टर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। खेत में फंसे ट्रैक्टर को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस की कार्रवाई और अवैध रेत परिवहन के आरोपों की जांच की जा रही है।







