छत्तीसगढ़रायपुर

ASPICON 2026 में AIIMS रायपुर की टीम ने हासिल किए कई पुरस्कार

रायपुर (विश्व परिवार)। राष्ट्रीय एंटीमाइक्रोबियल स्ट्यूवर्डशिप सम्मेलन (ASPICON 2026) में AIIMS रायपुर की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का गौरव बढ़ाया। 8 से 11 अक्टूबर 2026 तक AIIMS बठिंडा, पंजाब में आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन का उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के उचित उपयोग को बढ़ावा देना और एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) यानी रोगाणुरोधी दवाओं के प्रति सूक्ष्मजीवों की प्रतिरोधक क्षमता जैसी गंभीर स्वास्थ्य चुनौती से निपटने के उपायों पर चर्चा करना था।

यह सम्मेलन सोसाइटी ऑफ एंटीमाइक्रोबियल स्ट्यूवर्डशिप प्रैक्टिसेज इन इंडिया (SASPI) के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इसमें AIIMS रायपुर की 10 सदस्यीय बहुविषयक टीम ने संस्थान का प्रतिनिधित्व किया। टीम में फार्माकोलॉजी और माइक्रोबायोलॉजी के विशेषज्ञों के साथ संक्रामक रोगों के चिकित्सक, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टर तथा एक इंटर्न शामिल थे।

सम्मेलन में AIIMS रायपुर के संकाय सदस्य डॉ. नितिन गायकवाड़, डॉ. पुगझेंथन टी. और डॉ. प्रशांत बडोले ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में भाग लिया। उन्होंने एंटीमाइक्रोबियल दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देने और उनके प्रभावी प्रबंधन की आधुनिक रणनीतियों पर अपने विचार साझा किए।

AIIMS रायपुर के एंटीमाइक्रोबियल स्ट्यूवर्डशिप प्रोग्राम (AMSP) की समिति के सदस्य सचिव डॉ. अभिजीत कुमार प्रसाद ने अनुभव साझा करने वाले सत्र में संस्थान की कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने AIIMS रायपुर में संचालित एंटीमाइक्रोबियल स्ट्यूवर्डशिप से जुड़ी पहलों और गतिविधियों की जानकारी दी।

शोध प्रस्तुतियों में मिले पुरस्कार

सम्मेलन में AIIMS रायपुर की टीम ने विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार हासिल किए। मौखिक शोध-पत्र प्रस्तुति में डॉ. कृष्णप्रिया एन. ने प्रथम और डॉ. सजीथा वी. ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। वहीं, पोस्टर प्रस्तुति श्रेणी में डॉ. अभिजीत कुमार प्रसाद ने तृतीय पुरस्कार हासिल किया।

इसके अलावा डॉ. गर्गी मिश्रा, डॉ. निहिलन एस., डॉ. एरिस्वामी तालुरु और डॉ. मेधांश बिरादार ने भी अपने शोध निष्कर्ष प्रस्तुत किए। राष्ट्रीय AMSP क्विज प्रतियोगिता में डॉ. कृष्णप्रिया, डॉ. निहिलन और डॉ. एरिस्वामी की टीम ने देश के 39 संस्थानों के बीच चौथा स्थान प्राप्त किया।

चार दिवसीय सम्मेलन में AIIMS रायपुर द्वारा लागू किए जा रहे एंटीमाइक्रोबियल स्ट्यूवर्डशिप कार्यक्रम की राष्ट्रीय स्तर के प्रतिनिधियों और वरिष्ठ संकाय सदस्यों ने सराहना की।

इस उपलब्धि पर AIIMS रायपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) और अकादमिक डीन प्रो. (डॉ.) एली मोहापात्रा ने टीम को बधाई दी। कार्यकारी निदेशक ने टीम को सम्मेलन से प्राप्त जानकारियों और सुझावों को संस्थान की दैनिक चिकित्सकीय सेवाओं में शामिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

AIIMS रायपुर की यह उपलब्धि शोध, शैक्षणिक उत्कृष्टता और रोगाणुरोधी दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts