क्रांइमछत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर में जॉब के नाम पर युवती से वसूली, पैसे नहीं देने पर बंधक बनाने का आरोप

रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर युवती से रकम वसूलने और उस पर लगातार दबाव बनाने का मामला सामने आया है। सुकमा की रहने वाली युवती को रायपुर बुलाकर पहले ट्रेनिंग और नौकरी का झांसा दिया गया, फिर बेहतर पद और अधिक वेतन दिलाने के नाम पर 46 हजार रुपये की मांग की गई। पैसे नहीं देने पर बंधक बनाकर रखा गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सुकमा जिले के मस्तानपारा निवासी आयतु राम बेसरा ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी साली किरण नाग नौकरी की तलाश में रायपुर आई थी। 11 जून को वह खमतराई स्थित श्रीनगर रोड के ट्रेनिंग सेंटर पहुंची, जहां उसे नौकरी का आश्वासन देकर इंटरव्यू लिया गया। इसके बाद उसके शैक्षणिक दस्तावेज, आधार कार्ड और फोटो जमा करा लिए गए।
शिकायत में बताया गया है कि युवती से रहने और खाने की व्यवस्था के नाम पर 2500 रुपये जमा कराए गए। इसके बाद चार दिनों तक ट्रेनिंग देने के बाद उसे बताया गया कि उसका चयन हो गया है। सेंटर से जुड़े लोगों ने कहा कि बेहतर पद और 15 हजार रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी पाने के लिए 46 हजार रुपये जमा करने होंगे।
खेत गिरवी रखकर भेजे 15 हजार रुपए
युवती ने जब इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने कम वेतन वाली नौकरी का विकल्प बताकर भी दबाव बनाया। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने किसी भी तरह घर की जमीन-जायदाद बेचकर रकम की व्यवस्था करने कहा। इसके बाद युवती ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि युवती के ससुराल पक्ष और पिता ने गांव की जमीन गिरवी रखकर 15 हजार रुपये आनलाइन भेजे। इसके बावजूद लगातार शेष 31 हजार रुपये जमा कराने का दबाव बनाते रहे।
मोबाइल इस्तेमाल करने पर थी पाबंदी
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवती को केवल पैसे मांगने के लिए ही मोबाइल पर बात करने दी जाती थी, बाकी समय उससे मोबाइल का उपयोग नहीं करने दिया जाता था। युवती ने परिजनों को बताया कि पैसे जमा नहीं करने पर नौकरी नहीं लगाने और निगरानी में रखने की बात कहकर उसे डराया-धमकाया जा रहा था। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन 17 जून को रायपुर पहुंचे। पूछताछ में युवती ने पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद शिकायत के आधार पर खमतराई पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts