रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राम मंदिर ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर भाजपा पर एक साथ निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे में गड़बड़ियां हुईं, यहां तक कि भगवान राम और भगवान झूलेलाल दोनों को ठगा गया।
वहीं धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर टिप्पणी करते हुए कहा कि सच्चा साधु कभी डर की बात नहीं करता। भाजपा नेता विनय कटियार के बयान पर पलटवार करते हुए बघेल ने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर सबसे पहले सवाल उन्होंने ही उठाए थे। उन्होंने कहा कि अब धीरेंद्र शास्त्री खुद कह रहे हैं कि उन्हें डर लग रहा है, जबकि एक सच्चा साधु कभी भयभीत नहीं होता और न ही किसी से डरने की बात करता है।
भगवान राम और भगवान झूलेलाल दोनों को ठगने का काम हुआ
राम मंदिर चंदा चोरी को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि यह मामला नया नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिलापूजन के समय से ही गड़बड़ियां शुरू हो गई थीं। जमीन खरीदी से लेकर मंदिर निर्माण तक भ्रष्टाचार हुआ और निर्माण में 40 प्रतिशत कमीशन लिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सिंधी समाज द्वारा भगवान झूलेलाल की प्रतिमा के साथ दी गई 200 किलो चांदी का भी कोई हिसाब नहीं है। साथ ही एक आईएएस अधिकारी की ओर से भेंट की गई सोने की रामायण भी गायब हो गई। उन्होंने कहा इस मामले में भगवान राम और भगवान झूलेलाल दोनों को ठगने का काम हुआ है।
हर फैसला प्रधानमंत्री लेते हैं, अब चुप क्यों हैं?’
भूपेश बघेल ने कहा, अमित शाह को भी इसकी जानकारी है, तभी वे भी राम मंदिर नहीं गए। न वे शिलान्यास में गए, न उद्घाटन में गए। है। भूपेश बघेल ने कहा कि जब शिलान्यास प्रधानमंत्री कर रहे हैं, उद्घाटन प्रधानमंत्री कर रहे हैं, ध्वजारोहण प्रधानमंत्री कर रहे हैं, कौन-कौन ट्रस्ट का सदस्य रहेगा, यह भी प्रधानमंत्री ही तय कर रहे हैं।
फिर वे आज चुप क्यों हैं? पहले कहते थे कि मनमोहन सिंह मौन प्रधानमंत्री हैं, लेकिन अब उनकी खुद की बोलती क्यों बंद हो गई है?”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि उनका 56 इंच का सीना है, तो उन्हें सामने आकर कहना चाहिए कि हां, गलती हुई है। मेरे कारण यह लूट हो रही है। मैंने गलत लोगों का चयन किया।”
चंपत राय पर भी साधा निशाना
भूपेश ने कहा, कि पीएम कहते हैं कि मैं अविवाहित हूं और देश के लिए काम करता हूं, मेरे बच्चे नहीं हैं। तो चंपत राय कौन हैं? वे भी अविवाहित हैं, भगवान के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने भी पूरा चंदा लूट लिया। प्रधानमंत्री अविवाहित हैं और देश के लिए काम कर रहे हैं, वहीं चंपत राय भगवान के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने भी लूट मचा दी। दोनों अविवाहित हैं।
शहर में नाव चलाने की नौबत-भूपेश
छत्तीसगढ़ के अलग अलग जिलों में रहवासी इलाकों में जलभराव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। जिन शहरों में पानी भर रहा है, वहां के महापौरों की जवाबदेही तय होनी चाहिए साथ ही डिप्टी सीएम अरुण साव को अपने महापौर के साथ खुद मैदान में उतरना चाहिए और स्थिति का जायजा लेना चाहिए..बघेल ने कहा कि प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार है, लेकिन लोग के घरों से लेकर नेशनल हाईवे में भी पानी भरा हुआ है। अगर कुछ दिन और यही हाल रहा तो शहर में नाव चलानी पड़ेगी।
5 दिन के पंजाब दौरे पर रवाना हुए भूपेश
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए पांच दिन के दौरे पर रवाना हुए। रायपुर से रवाना होने से पहले उन्होंने कहा कि पंजाब में चुनावी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विभिन्न समितियों का गठन किया जा चुका है और अब संगठन को मजबूत करने के साथ चुनावी रणनीति पर काम किया जाएगा।
भूपेश ने कहा, “मैं पांच दिन के लिए पंजाब जा रहा हूं। वहां कमेटियों की घोषणा हो चुकी है। अब संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करेंगे।”







