रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण शुरुआत होने जा रही है। आर्टेमिस हॉस्पिटल्स का नया अस्पताल आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल आज से मरीजों की सेवा के लिए शुरू हो जाएगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह इस अस्पताल का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। उद्घाटन समारोह दोपहर 3 बजे पंडरी रोड स्थित अस्पताल परिसर में आयोजित होगा।
अब तक रायपुर और छत्तीसगढ़ के कई मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके परिजनों को लंबी यात्रा, अतिरिक्त खर्च और उपचार के लिए इंतजार जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आर्टेमिस शांति हॉस्पिटल की शुरुआत से प्रदेश के लोगों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।
300 बेड का मल्टी-सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल
300 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोसाइंसेज, ऑन्कोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स और क्रिटिकल केयर सहित विभिन्न सुपर-स्पेशियलिटी विभागों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, उन्नत जांच सुविधाएं और 24 घंटे इमरजेंसी सेवा भी मिलेगी।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, अनुभवी डॉक्टरों और प्रशिक्षित नर्सिंग टीम के माध्यम से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करना और मरीजों को अपने शहर में ही विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे गणमान्य नागरिक
अस्पताल के उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों के साथ शहर के जाने-माने डॉक्टर और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक भी शामिल होंगे।







