छत्तीसगढ़रायपुर

नेशनल स्टील एंड पावर एक्सपो 2026, रायपुर में भाग लेने वाले पात्र उद्योगों को मिलेगी ₹80,000 तक की MSME सब्सिडी  

रायपुर (विश्व परिवार)।  रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में आगामी 27 से 30 नवंबर 2026 तक आयोजित होने जा रहे 16वें वर्ष के चार दिवसीय नेशनल एक्सपो (स्टील एंड पावर) को भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME) से स्वीकृति प्राप्त हुई है।
यह एक्सपो स्टील उद्योग, स्पंज आयरन प्लांट, री-रोलिंग मिल, सीमेंट फैक्ट्री, भारी एवं हल्के उद्योगों सहित विभिन्न औद्योगिक एवं इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्माता, सप्लायर और सेवा प्रदाताओं के लिए एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक मंच है।
वर्ष 2009 से लगातार आयोजित हो रहा यह एक्सपो रायपुर एवं छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। इस आयोजन के माध्यम से उद्योगों को नई तकनीक, ऑटोमेशन, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक मशीनरी एवं औद्योगिक विकास से संबंधित नवीनतम समाधानों की जानकारी और प्रदर्शन का अवसर मिलता रहा है।

पात्र MSME इकाइयों को ₹80,000 तक की सब्सिडी

भारत सरकार के MSME मंत्रालय द्वारा स्वीकृत प्रदर्शनियों में भाग लेने वाली पात्र सूक्ष्म एवं लघु उद्योग इकाइयों को ₹80,000 तक की वित्तीय सहायता (सब्सिडी) प्रदान की जाती है। यह सहायता संबंधित MSME योजना के दिशा-निर्देशों एवं पात्रता शर्तों के अधीन होगी।

इसका लाभ लेने के लिए उद्योगों का वैध उद्यम रजिस्ट्रेशन (Udyam Registration) होना आवश्यक है तथा इकाई सूक्ष्म (Micro) अथवा लघु (Small) श्रेणी में पंजीकृत होनी चाहिए।

निम्नलिखित औद्योगिक श्रेणियों की इकाइयां इस योजना के अंतर्गत लाभ प्राप्त करने हेतु पात्र हो सकती हैं:

  • औद्योगिक उत्पाद (Industrial Products)
  • इलेक्ट्रिकल – औद्योगिक एवं घरेलू उपकरण
  • हैंड टूल्स एवं मशीन टूल्स
  • सोलर एवं नवीकरणीय ऊर्जा
  • पीईबी (प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग)
  • आईटी सॉफ्टवेयर एवं हार्डवेयर
  • इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन
  • लुब्रिकेंट्स
  • वाटर ट्रीटमेंट
  • प्रदूषण नियंत्रण उपकरण
  • प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग
  • इलेक्ट्रिक वाहन (EV)
  • प्लांट एवं मशीनरी उपकरण

पात्र MSME इकाइयां संबंधित योजना के प्रावधानों के अनुसार एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम दो बार इस सहायता का लाभ ले सकती हैं। सब्सिडी की राशि आयोजन के पश्चात आवश्यक दस्तावेजों एवं दावों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने पर सीधे लाभार्थी इकाई के बैंक खाते में जमा की जाती है। इसमें सामान्यतः लगभग 3 से 4 माह का समय लग सकता है।

वेंडर डेवलपमेंट कार्यक्रम का भी होगा आयोजन

इस एक्सपो के साथ ही वेंडर डेवलपमेंट प्रोग्राम (Vendor Development Programme) का भी आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से MSME निर्माताओं को बड़े उद्योगों, संभावित खरीदारों, खरीद एजेंसियों एवं औद्योगिक संस्थानों के साथ सीधे व्यावसायिक संपर्क स्थापित करने का अवसर मिलेगा।

आयोजन एवं सहयोग

इस चार दिवसीय नेशनल स्टील एंड पावर एक्सपो का आयोजन इंदौर इन्फोलाइन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। आयोजन को उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन का सहयोग प्राप्त है।

इच्छुक MSME उद्योग एवं निर्माता इस एक्सपो में स्टॉल बुकिंग तथा सब्सिडी संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए रायपुर स्थित भनपुरी MSME कार्यालय अथवा आयोजक संस्था इंदौर इन्फोलाइन प्राइवेट लिमिटेड से संपर्क कर सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts