भिलाईनगर (विश्व परिवार)। लगातार दो दिनों से हो रही भारी बारिश के बाद भिलाई में जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर पालिक निगम भिलाई पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने सोमवार को जोन-01 नेहरू नगर के कई संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने राधिका स्थित नगर कोसा नाला, दीक्षित कॉलोनी, गांधी नगर, एम.जे. कॉलेज जुनवानी रोड, इंदु आईटी नाला तथा शांति नगर सहित कई जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का मौके पर जाकर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नालों और नालियों में पानी का स्तर बढ़ने, पुलों पर कचरा फंसने तथा निचली बस्तियों में पानी भरने की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। बारिश के कारण नाले और नालियां पूरी तरह भर जाने से कई स्थानों पर पानी सड़कों और रिहायशी इलाकों तक पहुंच गया है। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जलभराव वाले सभी क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी अवरोध हो, उसे तत्काल हटाकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आयुक्त के निर्देश पर निगम के सभी जोनों के अधिकारी और कर्मचारी जलभराव वाले इलाकों में लगातार सक्रिय हैं। नालों की सफाई, कचरा हटाने और जल निकासी को सुचारु बनाने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। निगम प्रशासन का दावा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैयार हैं। भारी बारिश के साथ चली तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ सड़कों पर गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। निगम की टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पेड़ों की कटाई और हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। प्रभावित मार्गों पर आवागमन को फिर से सुचारु बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जलभराव, पेड़ गिरने या अन्य आपदा संबंधी शिकायतों का तत्काल निराकरण कर नागरिकों को राहत पहुंचाना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त दिनेश कोसरिया, कार्यपालन अभियंता संजय अग्रवाल, उप अभियंता पुरूषोत्तम सिन्हा, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अंकित सक्सेना, शंकर साहनी सहित अन्य उपस्थित रहे।







