छत्तीसगढ़रायगढ़

सीसीटीवी में कैद हुई साजिश, पत्नी भाई को देती रही नकदी; 22 लाख के लेन-देन का खुलासा

रायगढ़ (विश्व परिवार)। जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में एक व्यवसायी की मेहनत की कमाई और संपत्ति हड़पने की साजिश का मामला सामने आया है। शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने व्यवसायी की पत्नी और साले को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा निवासी व्यवसायी पिंगल कुमार बघेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी सीमा बघेल, साला कृष्ण कुमार यादव और ससुर भरतलाल यादव ने मिलकर उसकी नकदी और संपत्ति पर कब्जा करने की साजिश रची। मामले की जांच एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी ने की, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।
सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला
शिकायतकर्ता पिंगल कुमार बघेल ने बताया कि वह फेब्रिकेशन, सेंट्रिंग एवं मीडिया से संबंधित कार्य करता है। व्यवसाय से होने वाली आय वह अपनी पत्नी को सुरक्षित रखने के लिए सौंपता था। वर्ष 2014 में रकम कम होने का संदेह होने पर उसने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। आरोप है कि फुटेज में पत्नी को आलमारी से पैसे निकालकर अपने भाई कृष्ण कुमार यादव को देते हुए देखा गया। जांच के दौरान कृष्ण कुमार यादव के बैंक खातों में लगभग 22 लाख रुपये के लेन-देन सामने आए, जबकि वह किसी नियमित रोजगार में नहीं था।
मुआवजा मिलने वाली जमीन पत्नी के नाम कराने का आरोप
व्यवसायी ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में उसने तमनार क्षेत्र में ऐसी भूमि खरीदने की योजना बनाई थी, जहां भविष्य में अधिग्रहण के बदले करोड़ों रुपये मुआवजा और नौकरी मिलने की संभावना थी। इसी का लाभ उठाकर आरोपियों ने दबाव बनाते हुए करीब 13.50 लाख रुपये की जमीन पत्नी के नाम रजिस्ट्री करा ली। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसके बाद अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने के उद्देश्य से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
जांच में आरोप सही पाए गए
एसडीओपी की विस्तृत जांच में यह सामने आया कि आरोपियों ने एक राय होकर शिकायतकर्ता को आर्थिक नुकसान पहुंचाने और उसकी संपत्ति से अनुचित लाभ लेने का प्रयास किया। जांच प्रतिवेदन के आधार पर घरघोड़ा थाना में अपराध क्रमांक 188/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पत्नी और साला भेजे गए जेल
थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 4 जून को आरोपी सीमा बघेल (41) और कृष्ण कुमार यादव (39) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में नामजद एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी शेष है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts