रायपुर (विश्व परिवार)। कॉन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (CII) छत्तीसगढ़ द्वारा बुधवार को रायपुर में Fiscal Frontier 2.0 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “मार्केट इन 2026: रिसेपिंग वेल्थ, रीइमैजिनिंग ग्रोथ इन टर्बुलेंट टाइम्स” रही। कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, वित्त विशेषज्ञों, कारोबारियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने भाग लेकर वर्ष 2026 के बदलते बाजार परिवेश, उभरते अवसरों, संपदा निर्माण तथा आर्थिक विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम का फोकस वर्ष 2026 के वित्तीय एवं आर्थिक परिदृश्य में उभर रही चुनौतियों और अवसरों को समझने पर रहा। चर्चा के दौरान बाजार के रुझान, संपदा निर्माण, व्यवसायिक विकास तथा तेजी से बदलते और अनिश्चित आर्थिक वातावरण में आगे बढ़ने की रणनीतियों पर विस्तार से विचार किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ CII छत्तीसगढ़ स्टेट काउंसिल के चेयरमैन एवं बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के डायरेक्टर बजरंग गोयल के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच उद्योग एवं वित्तीय क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को अपने विचार साझा करने तथा अर्थव्यवस्था और बाजार को प्रभावित करने वाले कारकों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान करते हैं।
इसके बाद CII छत्तीसगढ़ फाइनेंस एंड टैक्सेशन पैनल के कन्वीनर एवं HNA & Co. LLP के पार्टनर भावेश मित्तल ने कार्यक्रम की पृष्ठभूमि प्रस्तुत करते हुए बदलती बाजार परिस्थितियों के बीच कारोबारियों और निवेशकों के लिए सजग, लचीला और भविष्य को ध्यान में रखकर निर्णय लेने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम में CII छत्तीसगढ़ स्टेट काउंसिल के वाइस चेयरमैन एवं अविनाश ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर आनंद सिंघानिया ने छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी का परिचय कराया। मुख्य वक्तव्य में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने राज्य के बदलते आर्थिक एवं वित्तीय परिदृश्य तथा छत्तीसगढ़ और यहां के व्यवसायों के लिए उभरते अवसरों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने मजबूत वित्तीय प्रबंधन, निवेश, नवाचार और विकासोन्मुख दृष्टिकोण को राज्य की आर्थिक प्रगति को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण बताया।
मुख्य वक्तव्य के बाद “Reshaping Wealth, Reimagining Growth in Turbulent Times” विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसका संचालन CNBC Awaaz, TV-18 के मैनेजिंग एडिटर अनुज सिंघल ने किया। सत्र में वर्ष 2026 में बाजार को प्रभावित करने वाले प्रमुख कारकों, बाजार में अस्थिरता के बीच निवेशकों, कारोबारियों और संस्थानों की रणनीतियों तथा दीर्घकालिक और सतत संपदा निर्माण के लिए उभरते अवसरों पर चर्चा हुई।
चर्चा में वित्तीय निर्णयों में जागरूकता, निवेश में विविधता, रणनीतिक निवेश और तेजी से बदलती आर्थिक परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को अनिश्चित परिस्थितियों के बीच दीर्घकालिक विकास और वैल्यू क्रिएशन पर केंद्रित रहने के लिए महत्वपूर्ण दृष्टिकोण प्रदान किया।
कार्यक्रम का समापन CII छत्तीसगढ़ फाइनेंस पैनल के को-कन्वीनर एवं BPlan Advisors Pvt. Ltd. के डायरेक्टर अभिनव खंडेलवाल द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। उन्होंने वक्ताओं, उद्योग जगत से जुड़े हितधारकों एवं प्रतिभागियों के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।







