छत्तीसगढ़रायपुर

व्हाट्सएप पर वायरल हुआ था 12वीं हिन्दी का प्रश्नपत्र, पीटीआई समेत तीन गिरफ्तार

रायपुर (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित वर्ष 2026 की कक्षा 12वीं हिन्दी परीक्षा का प्रश्नपत्र परीक्षा से पहले वायरल करने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना सिटी कोतवाली, मध्य जोन, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर का है।
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2026 को कक्षा 12वीं हिन्दी प्रश्नपत्र के हस्तलिखित स्वरूप में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर वायरल होने की शिकायत मिलने पर अपराध दर्ज किया गया था। मामले में छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2008 की धारा 4, 5, 10 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 और 316 के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला, पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और सहायक पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी वेणु कुमार जंघेल ने एक छात्र को व्हाट्सएप के जरिए हिन्दी प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था और इसके बदले ऑनलाइन 3 हजार रुपये लिए थे। बैंक खाते की जांच में लेनदेन की पुष्टि भी हुई। वेणु जंघेल से पूछताछ के बाद पुलिस ने बेमेतरा जिले के ग्राम बोरतरा निवासी विकास सेन और हायर सेकेंडरी स्कूल बोरतरा में पदस्थ पीटीआई जवाहर लाल कुर्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में सामने आया कि जवाहर लाल कुर्रे ने ही हस्तलिखित प्रश्नपत्र वेणु जंघेल और विकास सेन को उपलब्ध कराया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि जवाहर लाल कुर्रे तक प्रश्नपत्र कैसे पहुंचा। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और प्रश्नपत्र लीक नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

  • वेणु कुमार जंघेल (19 वर्ष), निवासी ग्राम बोरतरा, जिला बेमेतरा, हाल निवास गोकुल नगर रायपुर
  • जवाहर लाल कुर्रे (40 वर्ष), निवासी ग्राम बीजा, ब्लॉक साजा, जिला बेमेतरा
  • विकास सेन (22 वर्ष), निवासी ग्राम बोरतरा, ब्लॉक साजा, जिला बेमेतरा

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts