छत्तीसगढ़रायपुर

नकटी मामले में कांग्रेस का आंदोलन तेज, पहले विधायक अनुज शर्मा फिर सांसद बृजमोहन के बंगले का घेराव

रायपुर (विश्व परिवार)। नकटी मामले को लेकर कांग्रेस ने अब आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है। राजीव भवन में हुई जांच समिति की बैठक में प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तय की गई। कांग्रेस के मुताबिक, आंदोलन के पहले चरण में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के बंगले का घेराव किया जाएगा। इसके बाद रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बंगले का घेराव और फिर प्रभावित परिवारों के साथ एयरपोर्ट मार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा।
बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की अध्यक्षता में हुई। इसमें नकटी मामले की अब तक की जांच, प्रभावित परिवारों की स्थिति, प्रशासन की कार्रवाई और आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।
तीन चरणों में आंदोलन की तैयारी
कांग्रेस ने प्रभावित परिवारों को न्याय नहीं मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है। पार्टी के मुताबिक आंदोलन के तीन चरण तय किए गए हैं—
पहला चरण: धरसींवा विधायक अनुज शर्मा के बंगले का घेराव।
दूसरा चरण: रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बंगले का घेराव।
तीसरा चरण: प्रभावित परिवारों के साथ एयरपोर्ट मार्ग पर चक्काजाम।
कांग्रेस की मांग है कि प्रभावित परिवारों का उचित पुनर्वास किया जाए और जिन लोगों के मकान तोड़े गए हैं, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाए।
कलेक्टर से मुलाकात से राजभवन तक पदयात्रा
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नकटी प्रभावितों के मुद्दे को लेकर पहले भी कई स्तरों पर आंदोलन किया जा चुका है। प्रभावित परिवारों के साथ कलेक्टर से मुलाकात की गई और प्रशासन को कई बार ज्ञापन सौंपे गए। जनप्रतिनिधियों के आवास और मुख्यमंत्री निवास का घेराव भी किया गया।
इसके अलावा कांग्रेस ने नकटी से राजभवन तक करीब 13 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली थी। राज्यपाल को भी ज्ञापन और स्मरण पत्र सौंपे गए, लेकिन कांग्रेस के मुताबिक अब तक प्रभावित परिवारों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
महिलाओं के स्नान स्थल पर कैमरे लगाने का आरोप
बैठक में नकटी के प्रभावित परिवारों ने महिलाओं के स्नान स्थल के पास कैमरे लगाए जाने का मुद्दा भी उठाया। परिवारों का आरोप है कि कैमरों के जरिए वहां निगरानी की जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि महिलाओं के स्नान स्थल पर कैमरे लगाना गंभीर और आपत्तिजनक मामला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की निजता और गरिमा का सम्मान किया जाना चाहिए। कांग्रेस ने इस मुद्दे को भी आंदोलन में उठाने की बात कही है।
‘मकान तोड़े, अब पुनर्वास और मुआवजा दें’
कांग्रेस का आरोप है कि वर्षों से नकटी में रह रहे गरीब परिवारों के मकान तोड़े गए और इसके बाद से प्रभावित परिवार पुनर्वास और मुआवजे के लिए भटक रहे हैं। पार्टी ने सरकार से प्रभावितों को उसी क्षेत्र में उचित व्यवस्थापन देने और टूटे मकानों का मुआवजा देने की मांग की है।
दीपक बैज ने कहा कि नकटी के प्रभावित परिवार अकेले नहीं हैं, कांग्रेस उनके साथ खड़ी है। जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।
बैठक में कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, जांच समिति के सदस्य और नकटी प्रकरण से प्रभावित परिवार मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts