रायपुर (विश्व परिवार)। ‘सिर मुड़ाते ही ओले पड़ना’ कहावत कहीं सही मायनों में चरितार्थ होता नजर आ रहा है तो वह छत्तीसगढ़ सरकार का छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026. भारी-भरकम प्रचार-प्रसार के बीच इस समारोह में जिस वोटिंग के सहारे क्रिएटर्स को अवार्ड दिए उसी पर दूसरे क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर सवाल उठा रहे हैं. याने जिन क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर के जरिए सरकार अपनी वाह-वाही बटोरना चाह रही थी, अब वही क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर सोशल मीडिया में सरकार की किरकिरी कर रहे हैं. यही नहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी इस मुद्दे को हाथों-हाथ लेते हुए सीधे-सीधे ‘वोट चोरी’ का आरोप लगा रहे हैं।
छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, कला, पर्यटन तथा विरासत को डिजिटल माध्यम के जरिए राष्ट्रीय पहचान दिलाने के लक्ष्य से राज्य शासन ने 25 नवंबर को रायपुर में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इंफ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 आयोजित किया था. लेकिन आयोजन में अवार्ड देने के लिए वोटिंग के तौर-तरीके पर यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम क्रिएटर्स, ब्लॉगर्स अब अपनी आपत्ति दर्ज करा रहे हैं।
आयोजन में शामिल क्रिएटर्स अपने ही चैनल में बता रहे हैं कि छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इंफ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 पूरा का पूरा फर्जी रहा. पहले से ही सलेक्टेड लोगों को अवार्ड दिया गया. आयोजन में शामिल होने के लिए सुबह 12 बजे से बुला लिया गया था, लेकिन कार्यक्रम शाम 7 बजे से शुरू हुआ. खाना का कोई पता नहीं था. आयोजन को फर्जीवाड़ा की पराकाष्ठा बताते हुए क्रिएटर कह रहे हैं कि जिन क्रिएटर का कोई सब्सक्राइबर नहीं, कोई फालोअर नहीं, जिनको कोई नहीं जानता, उन्हें अवार्ड दिया गया. ऐसा एक-दो नहीं बल्कि पूरे 46 कैटेगरी में दिए गए अवार्ड में हुआ! छत्तीसगढ़ पर उसी कैटेगिरी पर काम करने वालों को नजरअंदाज किया गया।
क्रिएटर कह रहे हैं कि उनके साथ बहुत गलत हुआ है. जो वोट हुआ था, उसे बताना था, वरना वोट कराने का मतलब क्या था. जब अपने हिसाब से देना था, पहले से ही लोगों को सलेक्ट कर लिया गया था. बहुत गलत हुआ है. ऐसा छत्तीसगढ़ में नहीं होना चाहिए था. जो वास्तविक हकदार थे, उनको नजरअंदाज किया गया है. यह केवल एक-दो इंफ्लुएंसर की बात नहीं बल्कि बहुसंख्यक इंफ्लुएंसर की बात है।
क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर के समर्थन में उतरे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
सोशल मीडिया पर अवार्ड दिए जाने के तौर-तरीकों की निंदा तो हो ही रही है. विपक्ष ने भी इस मुद्दे को हाथों-हाथ लिया है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सीथे आरोप लगा दिया कि छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में “वोट चोरी” हो गई है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर इंफ्लुएंसर के वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि जनता की नज़र में हर सेकंड गिर रही अपनी छवि बचाने के लिए विष्णुदेव सरकार ने एक PR इवेंट रखा. जिसके लिए कई दिनों से वोटिंग का ढोंग किया गया।
उन्होंने क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर का हवाला देते हुए कहा कि “वोटिंग” का ढोंग करके “सेटिंग” का खेल किया गया. उनको बताया भी नहीं गया कि उनको कितने वोट मिले हैं. प्रदेश के कोने-कोने से बुलाए गये, गाँवों से आए हुए इन्फ्लुएंसर को खाली हाथ भेजा गया. खाना तक भी नहीं मिला. हम सब इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं. हम सब आप क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर साथियों के साथ खड़े हैं।







