छत्तीसगढ़रायपुर

आंजनेय यूनिवर्सिटी में क्रिकेट एकेडमी की शुरुआत

  • आंजनेय यूनिवर्सिटी और गोविंद चौहान क्रिकेट अकादमी के संयुक्त तत्वावधान में होगा प्रशिक्षण

रायपुर (विश्व परिवार)। खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान देने और प्रदेश में क्रिकेट की मजबूत आधारशिला तैयार करने की दिशा में आज आंजनेय यूनिवर्सिटी ने एक ऐतिहासिक कदम बढ़ाया। यूनिवर्सिटी परिसर स्थित अत्याधुनिक क्रिकेट ग्राउंड में प्रतिष्ठित क्रिकेट संस्थान गोविंद चौहान क्रिकेट अकादमी (GCCA) के सहयोग से क्रिकेट अकादमी की औपचारिक शुरुआत की गई। यह पहल केवल एक खेल अकादमी की शुरुआत नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति, अनुशासन, रचनात्मकता और अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रशिक्षण व्यवस्था को विकसित करने का महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

करीब तीन दशकों से क्रिकेट प्रशिक्षण और खेल अधोसंरचना के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली GCCA का इतिहास उपलब्धियों से भरा रहा है। इस संस्थान ने देश को अनेक प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। भारतीय क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी राजेश कुमार चौहान इसी गौरवशाली परंपरा का हिस्सा रहे हैं। वर्ष 1994 में उनके द्वारा स्थापित इस अकादमी ने लगातार खिलाड़ियों को तकनीकी दक्षता, खेल की बारीकियों और प्रतिस्पर्धात्मक मानसिकता से सशक्त किया है।

GCCA द्वारा तैयार किए गए खिलाड़ियों ने रणजी ट्रॉफी, आईपीएल, विज्जी ट्रॉफी, विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं और विभिन्न राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। जतीन सक्सेना, टी. सुधींद्रा, बिन्नी सैमुअल सहित अनेक खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। अकादमी ने केवल क्रिकेट ही नहीं, बल्कि खेल के समग्र वातावरण को विकसित करने में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है।

आंजनेय यूनिवर्सिटी में शुरू हुई यह नई क्रिकेट अकादमी विद्यार्थियों को आधुनिक प्रशिक्षण, पेशेवर कोचिंग, मैच प्रैक्टिस और प्रतिस्पर्धात्मक अवसर उपलब्ध कराएगी। यूनिवर्सिटी प्रबंधन का मानना है कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं, बल्कि नेतृत्व, टीम भावना, अनुशासन और रचनात्मक सोच विकसित करने का सबसे प्रभावी मंच है।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी राजेश चौहान की गरिमामयी उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने कहा कि सही मार्गदर्शन और बेहतर खेल सुविधाएं किसी भी खिलाड़ी के सपनों को नई दिशा दे सकती हैं। आंजनेय यूनिवर्सिटी के साथ यह साझेदारी प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए सुनहरा अवसर सिद्ध होगी।

चांसलर अभिषेक अग्रवाल का मानना है कि यह पहल आने वाले वर्षों में रायपुर को क्रिकेट प्रशिक्षण के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करेगी तथा यहां से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होंगे।

इस अवसर पर राजेश चौहान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी, डॉ. हिमांशु द्विवेदी प्रबंध संपादक, हरिभूमि, विक्रम सिसोदिया महासचिव, ओलंपिक संघ, अजय शुक्ल, बी. डी. बाबू, सरसिज घोष सचिव (GCCA), सुनील त्रिवेदी उपाध्यक्ष (GCCA), शशांक किशोर ईएसपीएन क्रिकइन्फो, तेज प्रताप, खेल प्रशिक्षक वीराज चौहान, बी. अभिजीत, क्यूरेटर रूपेश यादव, मनविंदर सिंह भाटिया, GCCA कोच मो. आरिफ चौहान, दुर्गेश कुमार, दिलराज भाटिया, संदीप कोरी, आकाश सिंह, आलोक, गुरु चरण सिंह होरा, संजय शर्मा सहित विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ टी रामाराव, महानिदेशक डॉ बी सी जैन, डायरेक्टर डॉ जयेंद्र नारंग सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts