छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर पश्चिम में ढाई करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, राजेश मूणत-मीनल चौबे ने किया भूमिपूजन

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रायपुर नगर निगम जोन 7 अंतर्गत शीघ्र सरदार वल्लभ भाई पटेल वार्ड और संत रामदास वार्ड क्षेत्र में कुल लगभग 2 करोड़ 52 लाख रुपये के नए विकास कार्य शीघ्र करवाए जाएंगे। आज रायपुर पश्चिम विधायक एवं प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत और नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने कृष्णा नगर भक्त माता कर्मा चौक में दो वार्डों में ढाई करोड़ रुपये से अधिक के नए विकास कार्यों का भूमिपूजन सहित विभिन्न सामुदायिक भवनों के नवनिर्माण कार्यों का लोकार्पण कर नागरिकों को सौगात दी।

रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने वार्ड पार्षद एवं निगम एमआईसी सदस्य भोलाराम साहू, पार्षद राजेश कुमार देवांगन, पूर्व पार्षद ओंकार बैस, खेमराज साहू, जोन 7 जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव, कार्यपालन अभियंता सुशील मोडेस्टस, उपअभियंता सुरेन्द्र श्रीवास, प्रेरणा अग्रवाल, जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानंद साहू सहित बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं, गणमान्यजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, नवयुवकों और बच्चों की उपस्थिति में श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर भूमिपूजन किया।

रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने कहा कि असामाजिक गतिविधियां कदापि सहन नहीं की जाएंगी। असामाजिक तत्व सुधर जाएं, अन्यथा पुलिस कमिश्नरी द्वारा उन्हें सुधार दिया जाएगा। राशन दुकानदारों की भी शिकायत मिल रही है कि वे चावल नहीं देकर पैसा दे रहे हैं। राशन दुकानदार सुधर जाएं, अन्यथा खाद्य विभाग से कड़ी कार्रवाई करवाई जाएगी। अवैध प्लाटिंग करने वाले तत्काल यह कार्य बंद कर दें, अन्यथा उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राजेश मूणत ने मंच से रामनगर मुक्तिधाम में शेड, कुर्सी आदि लगवाने विधायक निधि से 25 लाख रुपये स्वेच्छानुदान देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पहले कोई भी रामनगर नहीं आता था, अब यहां हर कोई विकसित क्षेत्र में बसना चाहता है। वे रामनगर के सभी क्षेत्रों और गलियों में विकास कार्य करवाएंगे। साथ ही उनकी इच्छा रामनगर में भूमि उपलब्ध होने पर अपने व्यक्तिगत खर्च से भगवान श्रीराम की बड़ी मूर्ति स्थापित करवाने की है।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि अवैध प्लाटिंग पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नगर निगम आयुक्त और जोन 7 कमिश्नर को शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। महापौर ने रहवासियों से घरों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने और वार्ड को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहभागिता निभाने की अपील की।

एमआईसी सदस्य भोलाराम साहू ने वार्ड में 1 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से रामनगर कर्मा चौक से दिशा कॉलेज रामनगर तक नए नाले के निर्माण को स्वीकृति दिलाने पर राजेश मूणत का आभार जताया। वहीं पूर्व पार्षद ओंकार बैस ने राजेश मूणत को रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र का विकास पुरुष बताया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts