- मेटाडोर और ठेला कारोबारियों का होगा सत्यापन, बिना आईडी वालों पर कार्रवाई
रायपुर (विश्व परिवार)। राजधानी रायपुर की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा को लेकर महापौर मीनल चौबे ने बड़ा फैसला लिया है। शहर के विभिन्न बाजारों, चौराहों और गली-मोहल्लों में गाड़ी लगाकर कवर व अन्य सामान बेचने वाले दुकानदारों का अब अनिवार्य पंजीकरण और भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इस संबंध में नगर निगम के टाउन प्लानिंग (TP) विभाग को तत्काल प्रभाव से निर्देश जारी किए गए हैं।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि स्थानीय व्यापारियों और शहरवासियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन और आरटीओ के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। महापौर ने स्पष्ट कहा कि व्यापार की आड़ में बिना पहचान के शहर में रहने वाले संदिग्ध और बाहरी तत्वों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम के निर्देशानुसार टाउन प्लानिंग विभाग शहरभर में अभियान चलाकर रोड व्यवसायियों और मेटाडोर संचालकों का पूरा रिकॉर्ड तैयार करेगा। इसमें संचालक का नाम, स्थायी पता, आधार कार्ड, वोटर आईडी या पैन कार्ड जैसी पहचान संबंधी जानकारी, वर्तमान निवास स्थान और वेंडिंग जोन की जानकारी शामिल की जाएगी।
महापौर ने कहा कि जो लोग स्थानीय हैं, वे अपना पहचान पत्र उपलब्ध कराएं। बिना वैध पहचान पत्र और निगम रिकॉर्ड के पाए जाने वाले ठेलों और वाहनों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त किया जाएगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि सड़कों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े ठेलों और मेटाडोरों के कारण यातायात बाधित न हो।
टाउन प्लानिंग विभाग की टीमें वार्ड स्तर पर सर्वेक्षण कर ऐसे व्यवसायियों का सत्यापन करेंगी। निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।







