कोलकाता (विश्व परिवार)। पश्चिम बंगाल में नई BJP सरकार के गठन को लेकर गृह मंत्री अमित शाह कोलकाता पहुंच गए हैं। शाह कुछ देर में न्यू टाउन के बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में BJP विधायक दल की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। BJP के सभी 207 नवनिर्वाचित विधायक बैठक में शामिल होंगे। इनमें से कोई एक विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो बंगाल का पहला BJP मुख्यमंत्री बनेगा। 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह में PM मोदी, शाह समेत NDA के कई बड़े नेता शामिल होंगे। बंगाल CM बनने की रेस में सुवेंदु अधिकारी सबसे आगे हैं। उन्होंने CM ममता बनर्जी को भवानीपुर से हराया है। वे नंदीग्राम से भी लगातार दूसरी बार चुनाव जीते। यहां से 2021 में उन्होंने ममता को हराया था। सुवेंदु ने कोलकाता एयरपोर्ट पर शाह का स्वागत किया। एयरपोर्ट से दोनों एक कार में बैठकर सीधे दक्षिणेश्वर काली मंदिर गए और पूजा-अर्चना की। इसके बाद शाह न्यू टाउन स्थित नोवोटेल होटल पहुंचे। इस दौरान BJP प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, दिलीप घोष, सुकांत मजूमदार समेत कई नेता भी उनके साथ थे।







