रायपुर (विश्व परिवार)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के आंचलिक कार्यालय भोपाल के क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त शिखर शर्मा ने छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे के दौरान बिलासपुर और धमतरी में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना को लेकर जागरूकता कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने नियोक्ताओं और कर्मचारियों को EPFO की विभिन्न योजनाओं, नए प्रावधानों और उनके लाभों की जानकारी दी।
बिलासपुर और धमतरी के मेनोनाइट स्कूल में क्रमशः 7 और 8 अक्टूबर 2026 को आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों में शिखर शर्मा ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विश्वास (एमनेस्टी स्कीम), प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना और कर्मचारी नामांकन योजना (EEC) 2025 की जानकारी देते हुए पात्र नियोक्ताओं और कर्मचारियों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
PF अंशदान की वेतन सीमा में बदलाव की दी जानकारी
कार्यक्रमों के दौरान कर्मचारियों और नियोक्ताओं को कर्मचारी भविष्य निधि अधिनियम में हुए नवीनतम बदलावों से भी अवगत कराया गया। जानकारी के अनुसार, 17 सितंबर 2026 से भविष्य निधि अंशदान कटौती के लिए न्यूनतम वेतन सीमा 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी गई है। इस बदलाव के संबंध में कर्मचारियों और नियोक्ताओं को आवश्यक जानकारी दी गई।
श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन से की सौजन्य भेंट
अपने दौरे के दौरान 9 अक्टूबर 2026 को क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त शिखर शर्मा ने छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य एवं उद्योग तथा श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में हुए नवीनतम परिवर्तनों की जानकारी साझा की। साथ ही 19 जून 2026 को प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के भव्य कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन में मंत्री से मार्गदर्शन एवं सहयोग का अनुरोध किया।
EPFO के क्षेत्रीय कार्यालय का प्रशासनिक निरीक्षण
शिखर शर्मा ने 7 से 9 अक्टूबर तक EPFO के क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर का प्रशासनिक निरीक्षण भी किया। इस दौरान प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना, तत्पर पोर्टल 2.0 और प्रयास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान कार्यालय की कार्यप्रणाली और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के प्रभारी अधिकारी जयवदन इंगले, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 दासरथी नाग तथा क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-2 गौरव डोगरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
राजभाषा पखवाड़ा समापन समारोह में विजेताओं का सम्मान
क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर में राजभाषा पखवाड़ा समापन समारोह का आयोजन भी शिखर शर्मा के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस दौरान पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
दौरे के दौरान आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य कर्मचारियों और नियोक्ताओं तक EPFO की योजनाओं एवं नवीन प्रावधानों की जानकारी पहुंचाना तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।







