- चार समान किस्तों में अगस्त से नवम्बर 2026 तक बकाया राशि जमा करने की सुविधा
रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर विकास प्राधिकरण द्वारा डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आवास योजना, बोरियाखुर्द में निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों के लिए 16 वर्ष पूर्व फ्लैट्स का निर्माण किया गया था, जिनके द्वारा किस्तों की राशि का नियमित भुगतान नहीं करने के कारण वर्तमान में लगभग 17 करोड़ रूपये बकाया राशि हो चुकी है।
योजना की अधोसंरचना एवं रख-रखाव की वर्तमान स्थिति को देखते हुए प्राधिकरण द्वारा बकायादार हितग्राहियों को अंतिम नोटिस जारी किया गया है। प्राधिकरण ने सभी बकायादार हितग्राहियों से अपील की है कि वे अपने फ्लैट की बकाया राशि का निर्धारित अवधि में भुगतान सुनिश्चित करें।
रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नन्द कुमार साहू एवं उपध्यक्ष डॉ. जे.पी शर्मा द्वारा हितग्राहियों की समस्याओं एवं बकाया राशि के संबंध में उनके प्रतिनिधि मंडल के साथ चर्चा की गई।
हितग्राहियों की सुविधा एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण द्वारा बकाया राशि के भुगतान के लिए चार समान किस्तों में राशि जमा करने की सुविधा प्रदान की गई है। इसके अंतर्गत बकाया राशि की किस्तें अगस्त, सितंबर, अक्टूबर एवं नवम्बर 2026 में जमा करने की सुविधा दी गई है। जिसके पश्चात् कुछ हितग्राहियों द्वारा राशि जमा की जा रही है।
समक्ष भेंट में हुई चर्चानुसार हितग्राहियों के साथ इस बात की सहमति बनी है कि उनके द्वारा निर्धारित चार समान किस्तों में से प्रथम एवं द्वितीय किस्त का भुगतान कर दिए जाने के पश्चात उसे पात्र हितग्राही मान कर सरचार्ज/बकाया राशि के संबंध में नियमानुसार आवश्यक निर्णय लिया जाएगा।
रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आवास योजना, बोरियाखुर्द के सभी बकायादार हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय-सीमा में अपनी बकाया राशि का भुगतान कर प्राधिकरण की इस सुविधा का लाभ उठाएं। समय-सीमा में भुगतान नहीं किए जाने की स्थिति में प्राधिकरण द्वारा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







