रायपुर (विश्व परिवार)। लोकभवन, रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में आयोजित ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश, गुजरात, सिक्किम एवं महाराष्ट्र का स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर श्री दावड़ा यूनिवर्सिटी के छात्र-छात्राओं ने गुजराती थीम पर आधारित आकर्षक लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर समारोह में एक अलग छटा बिखेरी।
कार्यक्रम में श्री दावड़ा यूनिवर्सिटी की कुलाधिपति प्रीति दावड़ा विशेष रूप से उपस्थित रहीं तथा उन्होंने राज्यपाल श्री रमेन डेका के साथ कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गुजराती संस्कृति की झलक, पारंपरिक वेशभूषा, लोकसंगीत एवं रंगारंग नृत्य ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया।
अपने संबोधन में राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ जैसी पहल देश के विभिन्न राज्यों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव, पारस्परिक सम्मान एवं राष्ट्रीय एकता को और अधिक मजबूत बना रही है। उन्होंने गुजरात की उद्यमशीलता, विकास मॉडल एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि भारत की विविध संस्कृति ही देश की सबसे बड़ी शक्ति है।
समारोह में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने प्रदेशों की विशेषताओं, परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डाला। वहीं श्री दावड़ा यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों की गुजराती सांस्कृतिक प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसकी सभी अतिथियों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल द्वारा विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को राजकीय गमछा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, लोकभवन के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि, युवा, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







