कवर्धा (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है, जहां भीषण गर्मी के बीच लाचार पति बीमार पत्नी को बाइक पर बांधकर इलाज के लिए दर-दर भटक रहा। हालात इतने खराब हैं कि पत्नी को लिटाने के लिए बाइक पर खाट बांधकर जुगाड़ एंबुलेंस बना लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बोड़ला विकासखंड के नागवही गांव के रहने वाले समलु मरकाम बीते एक साल से अपनी पत्नी को इसी तरह खाट पर लिटाकर अस्पतालों और दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन कहीं से ठोस मदद नहीं मिल पाई। गुरुवार को हद तब हो गई, जब वह अपनी पत्नी को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और आर्थिक सहायता की गुहार लगाई।
गरीब पति अपनी पत्नी को बाइक में सुलाकर कलेक्ट्रेट के दहलीज में आर्थिक मदद के लिए भरी दोपहरी में पहुंचा। इसकी जानकारी मिलते ही कलेक्टटेर गोपाल वर्मा ने तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर बीमार पत्नी को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दी थी दस हजार की मदद
बता दें कि कुछ दिन पहले भी पत्नी को बाइक में खाट लगाकर उसे सुलाकर अस्पताल ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसकी जानकारी मिलते ही बीमार पत्नी की इलाज के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने 10 हजार रुपये की मदद दी थी, लेकिन वह राशि इलाज के लिए नाकाफी साबित हुई। लगातार बिगड़ती हालत और आर्थिक तंगी ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।





