छत्तीसगढ़रायपुर

AIIMS रायपुर में शुरू हुआ एकीकृत रोगी सुविधा केंद्र, भर्ती और डिस्चार्ज की प्रक्रिया होगी आसान

रायपुर (विश्व परिवार)। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), रायपुर में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एकीकृत रोगी सुविधा केंद्र (Integrated Patient Facilitation Centre) शुरू किया गया है। इस केंद्र के माध्यम से अस्पताल में भर्ती होने और डिस्चार्ज (अस्पताल से छुट्टी) से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अलग-अलग काउंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनका समय भी बचेगा।

इस केंद्र का उद्घाटन AIIMS रायपुर के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (सेवानिवृत्त) ने किया। इस अवसर पर संस्थान में भर्ती मरीज बृजमोहन ने इसे औपचारिक रूप से मरीजों की सेवा के लिए समर्पित किया। कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक, अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक, उप निदेशक (प्रशासन), अस्पताल प्रशासन एवं नर्सिंग प्रबंधन के प्रतिनिधि तथा मरीज उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल ने कहा कि एकीकृत रोगी सुविधा केंद्र स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, प्रभावी और मरीजों के अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। एक ही स्थान पर कई सेवाएं उपलब्ध होने से अस्पताल की प्रक्रियाएं आसान होंगी। मरीजों और उनके परिजनों को अनावश्यक रूप से इधर-उधर नहीं जाना पड़ेगा। विशेष रूप से डिस्चार्ज के समय होने वाली औपचारिकताओं में उन्हें राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि संस्थान का प्रयास स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार करना और हर पहल में मरीजों को प्राथमिकता देना है।

चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि इस नई व्यवस्था से आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के डिस्चार्ज की प्रक्रिया में लगने वाला समय पहले ही कम हुआ है। उद्घाटन के दिन यूरोलॉजी विभाग में भर्ती एक मरीज इस केंद्र के माध्यम से डिस्चार्ज की औपचारिकताएं पूरी करने वाला पहला आयुष्मान भारत लाभार्थी बना।

इस एकल-खिड़की सुविधा केंद्र में AIIMS फार्मेसी, अमृत फार्मेसी, केंद्रीय पंजीकरण डेस्क और आयुष्मान भारत हेल्पडेस्क के प्रतिनिधि एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेंगे। यहां आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के भर्ती और डिस्चार्ज से संबंधित कार्यों के साथ डे-केयर मरीजों तथा कर्मचारी स्वास्थ्य योजना (EHS) के लाभार्थियों के डिस्चार्ज से जुड़ी औपचारिकताएं भी पूरी की जाएंगी।

इस नई सुविधा से मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल की प्रक्रियाओं में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी और इलाज के दौरान उनका अनुभव पहले से अधिक सुविधाजनक होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts