नई दिल्ली (विश्व परिवार)। मध्य पूर्व में लंबे समय से जारी तनाव के बीच ईरान ने पहली बार होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर नरम रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत के दौरान होर्मुज से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक प्रस्ताव रखा है। माना जा रहा है कि यह कदम दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को कम करने और क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में अमेरिका और ईरान के अधिकारियों के बीच हुई वार्ता में होर्मुज मार्ग में जहाजों की आवाजाही को लेकर चर्चा हुई। ईरान ने संकेत दिए हैं कि यदि कुछ प्रतिबंधों में राहत मिलती है, तो वह इस रणनीतिक समुद्री मार्ग को लेकर सहयोगात्मक रुख अपना सकता है।
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है। वैश्विक तेल सप्लाई का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। ऐसे में यहां तनाव बढ़ने पर अंतरराष्ट्रीय बाजार पर सीधा असर पड़ता है।
वहीं दूसरी ओर, ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर भी अमेरिका और पश्चिमी देशों की चिंता बनी हुई है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान ने अपने यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम पर कुछ शर्तों के साथ बातचीत की इच्छा जताई है। हालांकि दोनों देशों के बीच अब भी कई मुद्दों पर मतभेद कायम हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि यदि होर्मुज को लेकर सकारात्मक समझौता होता है, तो इससे वैश्विक तेल बाजार को राहत मिल सकती है और मध्य पूर्व में तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ेगी।





