भिलाई

सुपेला घड़ी चौक से लक्ष्मी मार्केट तक सड़क पर दुकान लगाने वालों पर संयुक्त कार्रवाई

भिलाईनगर (विश्व परिवार)। नगर पालिक निगम भिलाई के जोन-1 नेहरू नगर अंतर्गत सुपेला घड़ी चौक से लक्ष्मी मार्केट तक सड़क किनारे दुकान लगाकर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। सड़क किनारे अस्थायी रूप से दुकानें लगाने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने एवं सड़क तथा सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमणमुक्त रखने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे दुकान लगाने वाले व्यवसायियों को समझाइश दी तथा सड़क एवं आवागमन क्षेत्र को व्यवस्थित कराया। निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क, फुटपाथ अथवा सार्वजनिक आवागमन वाले स्थानों पर दुकान लगाकर यातायात बाधित न करें। भविष्य में सड़क पर दुकान लगाकर आवागमन बाधित करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे सार्वजनिक मार्गों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न करें और शहर की यातायात एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts