छत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर पहुंचे केसी वेणुगोपाल, बोले- देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति

रायपुर (विश्व परिवार)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल आज राजधानी रायपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आज देश में अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति पैदा कर दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है।
देश भर में चलाया जा रहा संगठन सृजन अभियान
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के जमीनी ढांचे को मजबूत करने के लिए देश भर में ‘संगठन सृजन अभियान’ चलाया जा रहा है। अब तक 9 राज्यों में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया जा चुका है और जल्द ही इसे शेष राज्यों में भी लागू किया जाएगा।
इतिहास बदलने में जुटी सरकार, नीट परीक्षा में फेल
भाजपा की नीतियों की आलोचना करते हुए कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भाजपा केवल विभाजनकारी राजनीति में रुचि रखती है और देश के इतिहास को बदलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पूरी तरह विफल बताते हुए कहा कि सरकार नीट (NEET) जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में नाकाम रही है, जबकि दूसरी ओर उसका पूरा ध्यान इतिहास को बदलने पर लगा हुआ है।
जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश
राम मंदिर और धार्मिक मुद्दों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण और उससे जुड़े मामलों पर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए। भाजपा सिर्फ धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। वेणुगोपाल ने कहा कि आज देश की जनता बेरोजगारी, महंगाई और परीक्षा घोटालों जैसे गंभीर मुद्दों से त्रस्त है, लेकिन सरकार इन समस्याओं का समाधान करने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने में लगी हुई है। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस इन जनहित के मुद्दों पर अपना संघर्ष जारी रखेगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts