गरियाबंदछत्तीसगढ़

गरियाबंद के जंगल में नक्सलियों का बड़ा डंप बरामद, कुकर IED और हथियार जब्त

गरियाबंद (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ में 31 मार्च को नक्सलमुक्ति की घोषणा के बाद भी सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के बाद अब जंगलों में वर्षों से छिपाकर रखे गए हथियार, विस्फोटक सामग्री और अन्य डंप जखीरे लगातार सामने आ रहे हैं। आत्मसमर्पित नक्सलियों की निशानदेही और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस एवं सुरक्षा बल ऐसे डंप स्थलों का पता लगाकर सामग्री बरामद कर रहे हैं।
इसी कड़ी में शुक्रवार को गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डडईपानी के जंगल में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली। सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप जखीरा बरामद किया।
बरामद सामग्री में 4 किलोग्राम का प्रेशर कुकर, 5 किलोग्राम का कुकर आईईडी, एक भरमार रायफल, रायफल की मैगजीन, यूबीजीएल (UBGL) राउंड तथा पटाखा सामग्री शामिल है। सुरक्षा बलों ने सभी सामग्री को अपने कब्जे में लिया। इसके अलावा आईईडी को जंगल में सुरक्षित नष्ट किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts