रायगढ़ (विश्व परिवार)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मरीन ड्राइव के पास शादी समारोह से लौट रहे वार्ड क्रमांक 31 की महिला पार्षद के परिजनों पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आधा दर्जन से अधिक युवकों द्वारा की गई इस मारपीट में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाराज महापौर ने समर्थकों के साथ सिटी कोतवाली थाने का घेराव किया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें 3 नाबालिग भी साहिल हैं। सभी को हत्या के प्रयास और बलवा सहित गंभीर धाराओं में न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
गाड़ी साइड करने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, कालिंदी कुंज गेट नंबर-2 निवासी चाहत जैन ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि बीती रात वह अपने मामा की बेटी के शादी समारोह में मोहल्ले के शिवम बघेल, सागर बघेल, सुमित दास महंत और ऋषभ चौहान सहित अन्य साथियों के साथ कोष्टापारा स्थित देवांगन धर्मशाला गया था। वहां से देर रात करीब 1 बजे वार्ड पार्षद त्रिनिशा चौहान, सानिया चौहान और सोनिया चौहान के साथ मोटरसाइकिल से अपने घर जूटमिल लौट रहा था। जब वे लोग शनिमंदिर मरीन ड्राइव के पास पहुंचे, तभी सामने से तुर्कापारा के भरत बैंड पार्टी से जुड़े मोहम्मद शेख अफताब, समीर खान, मीत वर्मा और रोहन यादव अपने अन्य साथियों के साथ एक छोटी हाथी वाहन खड़ी किए हुए थे। जब पीड़ित पक्ष ने वाहन साइड में करने को कहा, तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट में चाहत जैन के सिर में चोट आई, जबकि शिवम बघेल के सिर, हाथ-पैर, मुंह और दांत में गंभीर चोटें आईं। सागर बघेल, सुमित दास और ऋषभ चौहान के भी हाथ-पैर और सिर में चोटें आई हैं। घटना के बाद पार्षद त्रिनिशा चौहान, देवराज चौहान, अर्जुन साह और कमलकांत चौहान ने बीच-बचाव कर घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
महापौर ने थाने में दिया धरना
घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज महापौर जीवर्धन चौहान अपने समर्थकों के साथ सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।
मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और प्रारंभिक तौर पर अपराध क्रमांक 211/2026 में बीएनएस की धारा 296, 351(2), 115(2), 191(2) के तहत मामला दर्ज किया। बाद में चोटों की गंभीरता को देखते हुए धारा 351(3), 190, 191(3), 109(1) बीएनएस भी जोड़ी गई।
सभी आरोपी गिरफ्तार
वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 नाबालिगों सहित आरोपी मीत वर्मा, रोहन यादव, समीर खान, शंकर साहू, शेख मोहम्मद अफताब, शाख माह जुनैद, राज केवंत, विश्राम सारथी और कान्हा समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेसबॉल बैट, लोहे की रॉड और डंडे भी जब्त किए गए हैं।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार की हिंसक घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आमजन से अपील है कि विवाद की स्थिति में संयम रखें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।




