छत्तीसगढ़रायपुर

प्रोफेसर कॉलोनी में नाला निर्माण का महापौर ने किया निरीक्षण, समय पर काम पूरा करने के निर्देश

रायपुर (विश्व परिवार) । आज नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने जोन 5 अंतर्गत वामनराव लाखे वार्ड क्षेत्र की प्रोफेसर कॉलोनी में नगर निगम द्वारा निर्माणाधीन नाले के कार्य की प्रगति का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण एवं समीक्षा की। इस दौरान जोन 5 अध्यक्ष अंबर अग्रवाल, वामनराव लाखे वार्ड पार्षद कृष्णा सोनकर, जोन 5 जोन कमिश्नर खीरसागर नायक, कार्यपालन अभियंता लाल महेंद्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता नागेश रामटेके, उप अभियंता कृति शर्मा तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी संदीप वर्मा उपस्थित रहे। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

महापौर मीनल चौबे ने नाला निर्माण के शेष कार्यों को तेज गति से पूरा कर मानसून से पहले पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि जल निकासी की सुगम व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

महापौर ने सख्त निर्देश दिए कि अधिकारी विशेष ध्यान रखें कि इस बारिश में प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र में जलभराव न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी नालों की तली तक सघन सफाई कर गाद निकालने तथा गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा।

महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अभियंता और ठेकेदार नाला निर्माण के दौरान उचित ढाल का विशेष ध्यान रखें, ताकि बारिश का पानी बिना किसी बाधा के आसानी से निकल सके। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बारिश से पहले बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करना रायपुर नगर पालिक निगम का दायित्व है और इसे सभी के सहयोग से पूरा किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए सुझाव दिया कि मानसून की पहली बारिश से पहले जल निकासी व्यवस्था के नाम पर कोई अनावश्यक प्रयोग न किया जाए, ताकि नाला निर्माण के बाद प्रोफेसर कॉलोनी क्षेत्र में व्यवहारिक रूप से प्रभावी और सुचारु जल निकासी सुनिश्चित हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts