रिसाली (विश्व परिवार)। रिसाली निगम महापौर शशि सिन्हा और उनके सद्स्यों ने नागरिकों को राहत दी है। शुक्रवार दोपहर को हुई महापौर परिषद के बैठक में नागरिकों से लिए जाने वाले टैक्स को पिछले साल की तरह यथावत रखा है। किसी प्रकार की बढ़ोतरी नही की गई है। वहीं परिषद के सद्स्यों ने शासन को पत्र लिखने का निर्णय लिया है। जिसमें शिक्षा उपकर की राशि को हटाने की मांग रखेंगे।
महापौर शशि सिन्हा की अध्यक्षता में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्ष 2026-27 में सम्पत्ती कर व अन्य कर का स्लैब यथावत रहेगा। एमआईसी मेंमबरों का कहना था कि उनके निर्णय से आम नागरिकों को राहत मिलेगी। वहीं दूसरी ओर निगम क्षेत्र में स्वयं का स्कूल नहीं होने पर शिक्षा उपकर की राशि को नहीं लिए जाने के लिए शासन को शहर सरकार पत्र लिखेगी। महापौर परिषद की बैठक में एमआईसी जहीर अब्बास, संजू नेताम, सनीर साहू, रोहित धनकर, जमुना ठाकुर, ममता यादव, रंजीता बेनुआ, आयुक्त मोनिका वर्मा, कार्यपालन अभियंता सुनील दुबे समेत सभी विभाग प्रमुख उपस्थित थे।
लकड़ी रखने बनेगा शेड
महापौर परिषद ने मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार के लिए निशुल्क लकड़ी उपलब्ध कराए जाने टेण्डर शीघ्र जारी करने का निर्णय लिया। वहीं मुक्तिधाम मे लकड़ी को सहेज कर रखने के लिए पांच-पांच लाख की लागत से शेड तैयार करने के लिए प्रस्ताव शासन को शीघ्र भेजने का निर्णय लिया है।
शीघ्र शुरू होगा दशहरा मैदान का सौंदर्यीकरण
महापौर परिषद की बैठक में दशहरा मैदान रिसाली को सजाने जारी निविदा दर को स्वीकृत किया है। शीघ्र ही अब मैदान का सौंदर्यीकरण होगा। दशहरा मैदान में गेट, शेड मरम्मत के अलावा लाईट और बेडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया जाएगा।
42 प्रकरणों का अनुमोदन
महापौर परिषद ने सामाजिक सुरक्षा साहयता योजना के तहत कुल 42 प्रकरणों का अनुमोदन किया। इसमें राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन योजन के 23, विधवा पेंशन के 05, परिवार सहायता योजना के 11, सुखद सहारा पेंशन योजना के 01 और नवीन मुख्यमंत्री पेंशन योजना के 02 प्रकरण शामिल है।







