छत्तीसगढ़रायपुर

UPI पेमेंट पर MDR शुल्क दीपावली तक स्थगित, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने फैसले का किया स्वागत; स्थायी समाधान के लिए जारी रहेगी पहल

रायपुर (विश्व परिवार)। दीपावली एवं आगामी त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) द्वारा यूपीआई मर्चेंट ट्रांजेक्शन (P2M) पर लगने वाले एमडीआर (MDR) शुल्क को दीपावली बाद तक स्थगित करने के निर्णय का छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने स्वागत किया है।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि त्योहारी सीजन व्यापार जगत के लिए वर्ष का सबसे महत्वपूर्ण समय होता है। धनतेरस और दीपावली के दौरान खुदरा और थोक बाजारों में करोड़ों रुपये का डिजिटल लेन-देन होता है। ऐसे महत्वपूर्ण समय में यूपीआई लेन-देन पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क लागू होने से न केवल व्यापारियों पर वित्तीय भार पड़ता, बल्कि डिजिटल लेन-देन को अपनाने वाले आम उपभोक्ताओं और कैशलेस अर्थव्यवस्था की रफ्तार भी प्रभावित होती।

श्री थौरानी ने आगे बताया कि जैसे ही इस शुल्क को लेकर व्यापारियों के बीच चिंताएं सामने आईं, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने तत्काल संज्ञान लेते हुए व्यापारियों की भावनाओं और हितों को माननीय केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी एवं छत्तीसगढ़ के माननीय वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चैधरी जी के समक्ष पूरी प्रखरता और तथ्यात्मक रूप से रखा था।
व्यापारियों की मांग और बाजार की परिस्थितियों को संवेदनशीलता से समझते हुए केंद्र सरकार, राज्य सरकार और संबंधित नियामक समिति ने त्वरित निर्णय लेते हुए इस शुल्क को दीपावली तक के लिए स्थगित किया है। इस सकारात्मक और राहतकारी निर्णय के लिए चेम्बर परिवार माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी, छत्तीसगढ़ के माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी तथा राज्य के वित्त मंत्री श्री ओपी चैधरी जी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करता है।
श्री थौरानी ने यह भी स्पष्ट किया कि यद्यपि यह निर्णय फिलहाल त्योहारी सीजन तक राहत प्रदान करता है, लेकिन छत्तीसगढ़ चेम्बर छोटे, मध्यम एवं खुदरा व्यापारियों के हितों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सजग और संकल्पित है। डिजिटल इंडिया अभियान की मूल भावना को बनाए रखने तथा व्यापारियों पर किसी भी प्रकार का अनुचित वित्तीय भार न पड़े, इसके लिए दीपावली के उपरांत भी चेम्बर केंद्र सरकार और संबंधित विभागों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर इस विषय के स्थायी समाधान हेतु अपना पक्ष मजबूती से प्रस्तुत करेगा।
छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज प्रदेश के प्रत्येक व्यापारी के स्वाभिमान और हित संवर्धन के लिए सदैव तत्पर है और आगे भी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts