देशनई दिल्लीविदेश

लाल सागर में भारतीय मालवाहक जहाज पर मिसाइल हमला, जहाज डूबा; 13 भारतीय समेत सभी 14 नाविक सुरक्षित

नई दिल्ली (विश्व परिवार)। यमन के पश्चिमी तट के पास लाल सागर में भारत के झंडे वाला एक मालवाहक जहाज डूब गया. यमन के तटीय इलाके के पास भारतीय मालवाहक जहाज ‘फैज नूरे औलिया’ पर विस्फोटकों से भरी एक नाव द्वारा हमला किया गया. जहाज पर चालक दल सहित 14 सदस्य सवार थे, जिनमें 13 भारतीय और एक यमनी नाविक था. एक बेकसूर और निहत्थे भारतीय कमर्शियल जहाज पर अचानक से मौत बनकर मिसाइल का हमला हुआ।
यह हमला इतना खतरनाक था कि जहाज समुद्र में डूब गया. हालांकि राहत की बात यह है कि इस पर सवार सभी नाविकों को सुरक्षित बचा लिया गया है।
4 अगस्त को यमन तट के पास लाल सागर में भारतीय झंडे वाले कमर्शियल जहाज MSV Faize Noore Oliya पर हूथी के कब्जे वाले बंदरगाह शहर होदेइदाह से लगभग 13 नॉटिकल मील दक्षिण में हमला किया गया. यमनी कोस्ट गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए जहाज पर सवार 13 भारतीयों सहित 14 नाविकों को बचा लिया गया।
भारत ने एक बयान में यमन के समुद्री इलाके के पास जहाज पर हुए हमले की कड़ी निंदा की. जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के कैबिनेट मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह बिना उकसावे के किया गया हमला है।
केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने कहा कि हमारे नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने डायरेक्ट्रेट जनरल ऑफ मैरिटाइम एडमिनिस्ट्रेशन (DGMA) को सभी संबंधित एजेंसियों से समन्वय बनाकर बचाए गए क्रू को तुरंत हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।
सर्बानंद सोनोवाल ने नाविकों के सुरक्षित होने पर राहत जताई. उन्होंने बताया कि बचाए गए क्रू मेंबर्स को जरूरी मदद उपलब्ध कराई जा रही है. सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts