छत्तीसगढ़रायपुर

विधायक राजेश मूणत की 5 घंटे मैराथन समीक्षा बैठक, निगम अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रायपुर (विश्व परिवार)। मंगलवार को रायपुर पश्चिम विधायक प्रदेश के पूर्व केबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रायपुर नगर निगम के जोन 1, 5, 7, 8 के वार्डो कुल 20 वार्डो के कार्यों की गहन समीक्षा लगातार लगभग 5 घंटे समीक्षा बैठक लेकर की एवं नगर निगम अधिकारियों को आवश्यक निर्देश नगर हित में दिये। मंच पर रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत सहित नगर पालिक निगम रायपुर महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड, आयुक्त संबित मिश्रा सहित अपर आयुक्तगणों एवं ऑडिटोरियम में पश्चिम विधानसभा के वार्डो के पार्षदगणों, जोन अधिकारियों कर्मचारियों की उपस्थिति रही।
रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने रायपुर शहर के हित को सर्वोपरि रखते हुए नगर निगम रायपुर के पार्षदों एवं अधिकारियों को समस्याओं का समाधान कर मिल जुलकर रायपुर शहर को स्वच्छ सुन्दर सुव्यवस्थित राजधानी के रूप में विकसित करने का संकल्प लेकर कार्य में जुट जाने का सुझाव दिया है।
रायपुर पश्चिम विधायक एवं प्रदेश के पूर्व केबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने नगर निगम जोन 1,5, 7, 8 के संबंधित जोन कमिश्नरों एवं कार्यपालन अभियंताओं से जोन अंतर्गत रायपुर पश्चिम विधानसभा अंतर्गत रायपुर नगर निगम के वार्डों में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति स्वच्छ भारत मिशन, स्वच्छ सर्वेक्षण के क्रियान्वयन, डोर टू डोर कचरा कलेक्शन, नाले नालो की सफाई, जल भराव, पेयजल व्यवस्था विकास कार्यों की प्रगति वेंडिंग जोन विकास कार्य सहित विविध विषयों पर विस्तृत जानकारी लेकर उसकी समीक्षा करते हुए जोन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। रायपुर पश्चिम विधायक ने संबंधित क्षेत्र के पार्षदों से चर्चा कर उनके सुझाव लिए एवं वार्डो की जनसमस्याओं की जानकारी उनसे ली एवं सभी जनसमस्याओं का समाधान वार्ड पार्षदों के साथ मिल जुलकर राजधानी शहर क्षेत्र में सुनिश्चित करवाने के निर्देश नगर निगम अधिकारियों को दिये।
रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने कहा कि रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत रायपुर नगर निगम क्षेत्र के 20 वार्डो के क्षेत्रों में नियम विपरीत कोई कार्य कदापि सहन नहीं किया जायेगा। अवैध निर्माणों, अवैध प्लाटिंग, अवैध कब्जो पर नियमानुसार प्रक्रिया के तहत लगातार कार्यवाही हो। साथ ही राजस्व वसूली की जानकारी की समीक्षा करते हुए रायपुर पश्चिम विधायक ने नियमानुसार राजस्व वसूली करने एवं व्यवस्था अंतर्गत नियमानुसार यूजर चार्ज लिए जाने की कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
रायपुर पश्चिम विधायक ने जोन 1, 5, 7,8 राजस्व विभाग द्वारा संपत्तिकर की यूजर चार्ज सहित वसूली संबंधी जानकारी का अवलोकन किया। उन्होने सफाई व्यवस्था सुदृढ बनाने एवं डोर टू डोर कचरा कलेक्शन रामकी कंपनी के माध्यम से प्रभावी तरीके से करवाना प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि रायपुर नगर निगम द्वारा नागरिको को राजधानी शहर के अनुरूप मौलिक सुविधाएं देने की प्रशासनिक व्यवस्था देनी चाहिए एवं शहर का विकास राजधानी शहर की भांति करने का कार्य संकल्प पूर्वक करना चाहिए। उन्होने जोन अधिकारियों पर इसे लेकर गहन नाराजगी व्यक्त की कि नियमानुसार प्रक्रिया के तहत अवैध विज्ञापन होर्डिंग पर कार्यवाही क्यो नहीं की गई। नियमानुसार कार्यवाही प्राथमिकता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये है।
महापौर मीनल चौबे ने रायपुर पश्चिम विधायक एवं प्रदेश के पूर्व केबिनेट मंत्री राजेश मूणत को नगर निगम रायपुर के जनप्रतिनिधि पार्षदों की ओर से रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक लेने पर हार्दिक धन्यवाद दिया। उन्होने कहा कि समीक्षा बैठक से जनता के मध्य कामों के लिए समुचित समाधान अवश्य निकलेगा। महापौर ने अधिकारियों से राजधानी शहर में जलभराव एवं पेयजल की समस्या को दूर करने की ओर अपना फोकस रखने के निर्देश दिये। महापौर ने निर्देशित किया कि मॉनिटरिंग कर रामकी कंपनी के माध्यम से राजधानी शहर रायपुर नगर निगम क्षेत्र के सभी घरो में प्रतिदिन डोर टू डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था दी जाए। निगम अधिकारीगण नगर निगम के जनप्रतिनिधि पार्षदों से समन्वय बनाकर कार्य करें एवं जनसमस्याओं का समाधान करें। नागरिको को नगर निगम क्षेत्र में अच्छी मौलिक सुविधाएं दिया जाना अच्छी तरह कार्य कर सुनिश्चित हो ।
समीक्षा बैठक में पहुंचने पर रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत का महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौड, आयुक्त संबित मिश्रा ने बुके प्रदत्त कर मंच पर आत्मीय स्वागत किया। रायपुर पश्चिम विधायक एवं प्रदेश के पूर्व केबिनेट मंत्री राजेश मूणत द्वारा ली गई विस्तृत समीक्षा बैठक में नगर निगम एमआईसी सदस्य सुमन अशोक पाण्डेय, भोला राम साहू, जोन 1 अध्यक्ष गज्जू साहू, जोन 7 अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, जोन 8 अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, पार्षद मीना ठाकुर, रामहिन कुर्रे, सर्वश्री आशु चंद्रवंशी, आनंद अग्रवाल, राजेश कुमार देवांगन, संदीप साहू,अर्जुन यादव, महेंद्र औसर, अमन सिंह ठाकुर, रोनिता प्रकाश जगत, दीप मनीराम साहू, एल्डरमेन अनिल सोनकर सहित नगर निगम अपर आयुक्त सर्वश्री लोकेश्वर साहू, पंकज के शर्मा, विनोद पाण्डेय, कृष्णा खटीक, मुख्य अभियंता संजय बागडे, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, इमरान खान, जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंताओं, उपायुक्तगणों, सहायक राजस्व अधिकारियों, जोन स्वास्थ्य अधिकारियों, सहायक अभियंताओं, उपअभियंताओं की उपस्थिति रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts