मनेंद्रगढ़ (विश्व परिवार)। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना महंत ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस का विस्तार मनेंद्रगढ़ तक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वर्तमान में शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस शहडोल रेलवे स्टेशन पर लगभग सात घंटे तक खड़ी रहती है। इस खाली समय का उपयोग करते हुए ट्रेन का परिचालन मनेंद्रगढ़ तक बढ़ाया जा सकता है, जिससे रेल संसाधनों का बेहतर उपयोग भी होगा और यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा भी मिलेगी।
ज्योत्सना महंत ने कहा कि मनेंद्रगढ़, एमसीबी जिला सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग लंबे समय से इस ट्रेन के विस्तार की मांग कर रहे हैं। यदि ट्रेन को मनेंद्रगढ़ तक संचालित किया जाता है तो यात्रियों को नागपुर और मध्यप्रदेश के कई प्रमुख शहरों तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इससे क्षेत्र के व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा।सांसद ने रेल मंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस का विस्तार मनेंद्रगढ़ तक करने की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।








