- राज्यपाल, उपमुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री सहित देश की विशिष्ट हस्तियों का संगम, संतों के सान्निध्य में होगा विश्व मैत्री महोत्सव
मुंबई (विश्व परिवार)। मैत्री, सद्भाव, शांति और मानवता के संदेश को समर्पित ‘विश्व मैत्री महोत्सव’ का भव्य राष्ट्रीय आयोजन 18 अक्टूबर 2026, रविवार को मुंबई के यशवंतराव चव्हाण सभागृह, नरीमन पॉइंट में दोपहर 2 बजे से होगा। महावीरायतन फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह महोत्सव सभी पंथों, धर्मों और समाज के सभी वर्गों को मैत्री एवं सद्भाव की भावना से जोड़ने का विशेष प्रयास है।
महावीरायतन फाउंडेशन के संस्थापक श्रद्धेय देवेंद्र ब्रह्मचारी के निर्देशन में होने वाले इस आयोजन में सभी पंथों के पूज्य साधु-भगवंतों का पावन सान्निध्य रहेगा। समारोह में मिजोरम के राज्यपाल माननीय जनरल (डॉ.) वी. के. सिंह, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री माननीय एकनाथ शिंदे, भारत सरकार के केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले तथा महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा सहित राजनीति, शिक्षा, साहित्य, सिनेमा और उद्योग जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों की उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षणों में सामूहिक क्षमापना, प्रेरणादायी उद्बोधन, भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ एवं विशेष सम्मान समारोह शामिल हैं। सामूहिक क्षमापना के माध्यम से आपसी कटुता को भुलाकर क्षमा, मैत्री और सौहार्द को जीवन में अपनाने का संदेश दिया जाएगा।
विश्व मैत्री महोत्सव का मूल उद्देश्य समाज में संवाद, समरसता और विश्वबंधुत्व की भावना को मजबूत करना है। महावीरायतन फाउंडेशन के इस आयोजन में सभी पंथों के संतों, सामाजिक जीवन की प्रतिष्ठित हस्तियों तथा हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता रहेगी।
महोत्सव के माध्यम से मैत्री, सद्भाव और मानवता का संदेश व्यापक समाज तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास किया जाएगा।







