नई दिल्ली (विश्व परिवार)। प्रतिष्ठाचार्य विजय जैन जी ने कहा की आगामी 25 अक्टूबर से 27 अक्टूबर 2026 तक भगवान ऋषभदेव जन्मभूमि दिगम्बर जैन अयोध्या तीर्थक्षेत्र, (उ.प्र.) में गणिनीप्रमुख आर्यिकाशिरोमणि श्री ज्ञानमती माताजी का 75वाँ संयम दिवस एवं 93वीं जन्मजयंती का भव्य आयोजन होने जा रहा है।
शरद पूर्णिमा के इस शुभ अवसर पर ‘तीस चौबीसी जिनमंदिर शिखर कलशारोहण’, ‘भारतवर्षीय दिगम्बर जैन सर्वजातीय महासंघ राष्ट्रीय सम्मेलन’ तथा ‘गणिनी ज्ञानमती पुरस्कार समर्पण समारोह’ का भी आयोजन किया जाएगा। मुख्य सभा का आयोजन 26 अक्टूबर 2026 को होगा।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आज नई दिल्ली में देश के माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी से एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर उन्हें आमंत्रित किया। इस प्रतिनिधिमंडल में भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री अभिषेक खरे के नेतृत्व में आदीश कुमार जैन सर्राफ (उपाध्यक्ष), प्रतिष्ठाचार्य विजय कुमार जैन (मंत्री),विकास जैन, कमल जैन और उमंग जैन दिल्ली (सदस्य) थे।
मुलाकात के दौरान शिष्टमंडल द्वारा माननीय रक्षा मंत्री जी को शॉल, अंगवस्त्र एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, पूज्य ज्ञानमती माताजी द्वारा प्रेषित श्रीफल भी उन्हें सस्नेह समर्पित कर कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया। इस अवसर पर समारोह की पत्रिका का विमोचन माननीय रक्षा मंत्री जी द्वारा किया गया।
माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए पूज्य माताजी के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने इस भव्य कार्यक्रम में यथासंभव उपस्थित होने का आश्वासन दिया और पूज्य माताजी के दीर्घायु तथा स्वस्थ जीवन की मंगल कामना की।







