छत्तीसगढ़रायपुर

MG रोड चौपाटियों के लिए नए नियम लागू करने की तैयारी, रात 1 बजे तक ही कारोबार की अनुमति

रायपुर (विश्व परिवार)। रायपुर के MG रोड पर रात में लगने वाली चौपाटियों के संचालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम सख्त नियम लागू करने की तैयारी में हैं। अब यहां रात 9 बजे से सुबह 1 बजे तक ही चौपाटियां लग सकेंगी। स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही ठेले और अस्थायी दुकानें लगाई जा सकेंगी।
सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाकर ग्राहकों को बैठाने की अनुमति नहीं होगी। सड़क पर गाड़ियां खड़ी कराने पर भी रोक रहेगी। नियम तोड़ने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर चौपाटियों को स्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है।
इन नियमों को लेकर यातायात सभागार में पुलिस, नगर निगम, MG रोड व्यापारी संघ और चौपाटी संचालकों की संयुक्त बैठक हुई। इसमें अधिकारियों ने बताया कि चौपाटियों के कारण सड़क पर जाम, अव्यवस्थित पार्किंग और गंदगी की शिकायतें मिल रही हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी हो रही है।
दुकानदारों पर शटर बंद करने का दबाव नहीं बना सकेंगे
बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा ने साफ किया कि चौपाटी संचालक किसी भी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने का दबाव नहीं बना सकेंगे। इसे लेकर विवाद भी नहीं कर सकेंगे। चौपाटी केवल संबंधित दुकान का शटर बंद होने के बाद ही लगाई जा सकेगी।
कुर्सी-टेबल और पार्किंग की जिम्मेदारी संचालकों की
चौपाटी संचालक सड़क और फुटपाथ पर ग्राहकों के बैठने के लिए कुर्सी-टेबल नहीं लगा सकेंगे। ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी उन्हें ही करनी होगी। मुख्य सड़क या ऐसी जगहों पर वाहन खड़े नहीं कराए जा सकेंगे, जहां से ट्रैफिक में बाधा हो।
गीला-सूखा कचरा अलग रखना होगा
चौपाटी संचालकों को अपनी दुकान और आसपास की सफाई की जिम्मेदारी खुद उठानी होगी। इसके लिए गीले और सूखे कचरे के अलग-अलग डस्टबिन रखने होंगे। चौपाटी बंद करने के बाद पूरे स्थान की सफाई करनी होगी। सड़क, नाली और सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकने की अनुमति नहीं होगी।
नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस करेंगे निगरानी
बैठक में नगर निगम अधिकारियों को सफाई और कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। व्यापारी संघ से भी चौपाटी संचालकों और स्थायी दुकानदारों के बीच तालमेल बनाए रखने को कहा गया।
चौपाटी संचालकों ने नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर चौपाटी बंद भी कराई जा सकती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts