Blog

नीति आयोग की सदस्य अर्चना जैन ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर की चर्चा

  • अंतरराष्ट्रीय जैन पत्रकार महासम्मेलन में शामिल होने किया आमंत्रित

(विश्व परिवार)। भारत सरकार नीति आयोग की सदस्य एवं ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (आईजा) की संरक्षक अर्चना जैन ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक विषयों के साथ जैन धर्म, जैन साधु-संतों की सुरक्षा तथा जैन तीर्थ क्षेत्रों की रक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान अर्चना जैन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को जैन समाज से जुड़े विभिन्न विषयों और जैन धर्मावलंबियों की अपेक्षाओं से अवगत कराया। उन्होंने विशेष रूप से जैन साधु-संतों के विहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, प्राचीन जैन तीर्थ क्षेत्रों के संरक्षण तथा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जैन धर्म की अहिंसा, करुणा और जीव दया की भावना समाज को सदैव सकारात्मक दिशा प्रदान करती रही है, इसलिए जैन धर्म से जुड़े तीर्थों और धार्मिक स्थलों के संरक्षण की दिशा में भी प्रभावी प्रयास आवश्यक हैं।
पत्रकार महासम्मेलन के लिए किया आमंत्रित
इस अवसर पर अर्चना जैन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इंदौर में मुनि पुंगव श्री 108 सुधा सागर जी महाराज के सान्निध्य में ऑल इंडिया जैन जर्नलिस्ट एसोसिएशन (आईजा) द्वारा आयोजित किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय जैन पत्रकार महासम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में देश-विदेश से जैन पत्रकारों एवं मीडिया से जुड़े प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन के माध्यम से जैन धर्म, संस्कृति, तीर्थ संरक्षण, साधु-संतों की सुरक्षा तथा समाज में पत्रकारिता की भूमिका सहित विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने श्रीमती अर्चना जैन द्वारा दिए गए आमंत्रण को स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में सम्मिलित होने की बात कही। मुख्यमंत्री की सहमति से आईजा के पदाधिकारियों एवं जैन समाज में भी उत्साह का माहौल है। साथ ही मुलाकात के दौरान दया भावना फाउंडेशन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। अर्चना जैन ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को फाउंडेशन की गतिविधियों एवं सेवा कार्यों से अवगत कराया तथा उनसे दया भावना फाउंडेशन के दर्शन करने का आग्रह किया। इस दौरान फाउंडेशन के माध्यम से किए जा रहे सेवा, जीव दया एवं सामाजिक कार्यों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। मुलाकात के दौरान जैन समाज से जुड़े धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों को लेकर सकारात्मक चर्चा हुई। अर्चना जैन ने मुख्यमंत्री द्वारा जैन धर्म, साधु-संतों एवं तीर्थ क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर गंभीरता से चर्चा किए जाने पर उनका आभार व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts