छत्तीसगढ़दुर्ग

भिलाई में तीन नाबालिगों के गायब होने से मचा हड़कंप, डोंगरगढ़ से मिले सुरक्षित

दुर्ग (विश्व परिवार)। भिलाई के तीन दर्शन मंदिर केम्प वन के पास से स्कूल जाने के लिए निकले तीन नाबालिगों के गुम होने की सूचना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एक साथ तीन नाबलिगों के गुम हो जाने के बाद परेशान पालकों ने थाने में सूचना दी। फिर छावनी पुलिस ने बच्चों की छानबीन शुरू की और डोंगरगढ़ से सकुशल तीनों को बरामद किया।
दरअसल तीनों नाबालिग बच्चे 10 सितंबर को स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन स्कूल पहुंचने के बाद अन्य दो साथियों के साथ कहीं चले गए थे। 10 सितंबर को थाना छावनी में परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका नाबालिग पुत्र, जो महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल, तीन दर्शन मंदिर में अध्ययनरत है, सुबह करीब 11 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। बच्चा स्कूल पहुंचा, लेकिन स्कूल के अंदर जाने के बजाय अपने साथ पढ़ने वाले दो अन्य नाबालिग दोस्तों के साथ कहीं चला गया।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तीनों बच्चों की तलाश के लिए स्कूल के आसपास तथा उनके संभावित रास्तों पर उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही पावर हाउस रेलवे स्टेशन के लगभग 20 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा बच्चों के साथ अध्ययनरत अन्य विद्यार्थियों से पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर तीनों बच्चों के डोंगरगढ़ जाने की संभावना सामने आई। इसके बाद पुलिस टीम तत्काल डोंगरगढ़ रवाना हुई। डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन के आरपीएफ एवं संबंधित थाना पुलिस को भी सूचना देकर अलर्ट किया और रात्रि करीब 02:30 बजे तीनों नाबालिग बच्चों को डोंगरगढ़ मंदिर के पास से सकुशल बरामद किया गया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts